ठंड में हाथ-पैर की सूजन से हैं परेशान? अपनाएं ये असरदार देसी नुस्खे

4 Min Read
ठंड में हाथ-पैरों की सूजन से हैं परेशान? अपनाएं ये असरदार देसी नुस्खे
Spread the love

Home Remedies for Swollen Finger Pain: इस हाड़ कंपा देने वाली ठंड में खांसी-जुकाम से तो हर कोई परेशान रहता ही है, लेकिन एक और परेशानी है जो नाक में दम कर देती है और वो है हाथ और पैरों की उंगलियों में सूजन होना. खासकर महिलाएं इस परेशानी को ज्यादा झेलती हैं. हाथ और पैरों की उंगलियों में सूजन होना, ऊपर से दर्द और खुजली सब एक साथ मिलकर परेशान कर देते हैं. कुछ मामलों में तो ये छाले बन जाते हैं, जो काफी तकलीफदेह होते हैं. ऐसे में अगर आप भी इस परेशानी को झेल रहे हैं, तो फिर हम लेकर आए हैं, कुछ घरेलू उपाय, जिसे अपनाकर आप इस परेशानी से काफी हद तक राहत पा सकते हैं.

क्यों सूज जाती हैं उंगलियां?

दरअसल, ठंड के मौसम में ब्लड सर्कुलेशन धीमा हो जाता है और उंगलियों के टिश्यू ज्यादा सेंसिटिव होते हैं. इसी वजह से सूजन, जलन और दर्द जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं. इसके अलावा, लंबे समय तक ठंड में रहना, हाथ-पैरों को ठीक से ढककर न रखना, कम पानी पीना या फिर अचानक तापमान बदलना (जैसे ठंड से सीधे आग के पास हाथ-पैर सेकना) उंगलियों में सूजन की बड़ी वजह बनते हैं. इसके अलावा यूरिक एसिड का बढ़ना, डायबिटीज, गठिया या हार्मोनल असंतुलन वाले लोगों में यह समस्या ज्यादा गंभीर हो सकती है.

सिंकाई से मिलेगा आराम

अगर ठंड के कारण उंगलियां सूज गई हैं, तो गुनगुने पानी में सेंधा नमक या फिटकरी मिलाकर हाथ-पैर कुछ देर डुबोकर रखें. इसके बाद अच्छी तरह पोंछकर कोई मॉइस्चराइजर या दर्द निवारक बाम लगाएं और सूती कपड़े से ढक लें. इससे सूजन और दर्द में राहत मिलती है.

तेल से मसाज है असरदार

सूजन कम करने के लिए तेल की मालिश भी फायदेमंद होती है. सरसों के तेल में हल्दी, लहसुन, अजवाइन और लौंग डालकर हल्का पका लें. तेल ठंडा होने पर इसे छानकर प्रभावित जगह पर हल्के हाथों से मसाज करें और फिर मोजे या ग्लव्स पहन लें.

हल्दी-नमक का लेप

घर में आजमाया जाने वाला एक पुराना नुस्खा है लेप. गुनगुने सरसों के तेल में नमक और हल्दी मिलाकर लेप बनाएं. इसे सूजी हुई उंगलियों पर लगाकर ऊपर से कपड़ा लपेट लें. इससे दर्द और सूजन दोनों में आराम मिलता है.

हल्दी वाला दूध भी है फायदेमंद

रोज रात को हल्दी और काली मिर्च मिलाकर गुनगुना दूध पीने से शरीर की सूजन कम होती है. यह जोड़ों की जकड़न, मांसपेशियों की अकड़न और दर्द में भी राहत देता है.

इन बातों का रखें खास ध्यान

सूजन से बचाव के लिए नमक का सेवन कम रखें और दिनभर पर्याप्त पानी पिएं. बहुत ज्यादा ठंड में रहने से बचें, हाथ-पैरों को ढककर रखें और हल्की-फुल्की एक्सरसाइज जैसे वॉक, स्ट्रेचिंग या जंप जरूर करें. सीधे आग पर हाथ-पैर सेकने की गलती न करें. अगर सूजन लंबे समय तक बनी रहे या दर्द बढ़ता जाए, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *