शर्मनाक! एम्बुलेंस में होमगार्ड अभ्यर्थी से गैंगरेप, फिजिकल टेस्ट के दौरान हुई थी बेहोश, भेजा गया था अस्पताल
Patna: बिहार के बोधगया से दिल दहलाने वाली वारदात सामने आयी है. जहां 26 वर्षीय होमगार्ड अभ्यर्थी के साथ एम्बुलेंस में सामूहिक बलात्कार किया गया.
यह घटना बोधगया स्थित बीएमपी-3 में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुई. युवती का आरोप है कि फिजिकल टेस्ट के दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई. जिसके बाद उसे तुरंत मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल ले जाने के रास्ते में एम्बुलेंस में ही बलात्कार की घटना को अंजाम दिया गया.
बेहोशी की हालत में किया गया सामूहिक बलात्कार
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह बेहोशी की हालत में थी, तभी एम्बुलेंस में मौजूद तीन-चार लोगों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया. पीड़िता इमामगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है और फिलहाल मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
इधर पीड़िता के बयान के आधार पर बोधगया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. एसएसपी आनंद कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. बोधगया के एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर कई अहम तथ्य सामने आए. जाँच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक एम्बुलेंस चालक और एक तकनीशियन शामिल है. पुलिस इस अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए दोनों से पूछताछ कर रही है. पीड़िता के अनुसार, इस घटना में तीन से चार लोग शामिल थे.
