हजारीबाग को मिला नया डिप्टी मेयर, अविनाश यादव ने 9 वोटों से मारी बाजी

Spread the love

हजारीबाग: हजारीबाग नगर निगम को नया उप महापौर मिल गया है. वार्ड नंबर 36 से पार्षद चुने गए अविनाश यादव को डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में जीत हासिल हुई. उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी और वार्ड 22 की पार्षद मिताली रश्मि को हराकर यह पद अपने नाम किया. जीत के बाद नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त मनोज कुमार ने मेयर, डिप्टी मेयर और नवनिर्वाचित पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

अधिकारियों की देखरेख में हुआ चुनाव

उप महापौर पद के लिए मतदान की प्रक्रिया अपर समाहर्ता संतोष सिंह और जिला आपूर्ति पदाधिकारी मुरली यादव की निगरानी में संपन्न हुई. चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में हुआ और परिणाम घोषित होते ही पार्षदों और समर्थकों ने अविनाश यादव को बधाई दी.

22 पार्षदों का मिला समर्थन

डिप्टी मेयर पद के लिए हुए चुनाव में अविनाश यादव को 22 पार्षदों का समर्थन प्राप्त हुआ. वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी मिताली रश्मि को 13 वोट मिले. इस तरह अविनाश यादव ने 9 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर उप महापौर का पद हासिल किया. परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

विकास की उम्मीदें बढ़ीं

पार्षदों ने उम्मीद जताई है कि मेयर अरविंद राणा और डिप्टी मेयर अविनाश यादव के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी.

बता दें कि इससे पहले 23 फरवरी को झारखंड के विभिन्न नगर निगम और नगर निकायों के लिए चुनाव संपन्न हुए थे. 27 फरवरी को हुई मतगणना में कई नए चेहरे सामने आए, जिनमें अविनाश यादव की जीत भी शामिल है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top