कुंभ स्नान कर लौट रही तीन महिलाओं की सड़क हादसे में मौत, पांच लोग घायल

Spread the love

Ranchi : हजारीबाग जिले के चरही में कुंभ स्नान कर लौट रही तीन महिलाओं की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. सभी रांची के बेड़ो के रहने वाले हैं. हादसे को लेकर बताया जा रहा कि सोमवार की सुबह यह दर्दनाक हादसा बिरसा मैदान के पास हुआ है. घटना के बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस घटना की जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, सभी यात्री प्रयागराज कुंभ से लौट रहे थे. टाटा सूमो का ड्राइवर गाड़ी को तेज गति से चला रहा था, जिसके कारण वह नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया. इसके बाद पीछे से आ रहे एक ट्रेलर ने भी सूमो को टक्कर मार दी, जिससे हादसा और भी भीषण हो गया. गाड़ी में कुल दस लोग सवार थे, जिनमें से ड्राइवर और दो महिलाएं सुरक्षित बच गईं, जबकि बाकी यात्री हादसे का शिकार हो गए.

दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया. प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने घायलों को बेहतर इलाज के लिए एनएचएआई की एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेज दिया. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार और चालक के वाहन पर नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार चरही इलाके में अक्सर सड़क किनारे बड़ी संख्या में ट्रक खड़े रहते हैं, जिससे छोटे वाहनों को गुजरने में परेशानी होती है और ऐसी घटनाएं होती रहती हैं.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top