JHARKHANDRANCHI

पर्यटकों से गुलजार हुआ दशम फॉल, सैलानियों के लिए बना टूरिज्म मैग्नेट

Spread the love

Ranchi: झारखंड की राजधानी रांची से करीब 40 किलोमीटर दूर बुंडू स्थित दशम फॉल इन दिनों सैलानियों के बीच जबरदस्त आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. 144 फीट की ऊंचाई से गिरती कांची नदी की जलधारा लोगों को अपनी ओर खींच रही है. झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के कई राज्यों से पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं. वीकेंड और छुट्टियों में दशम फॉल परिसर में भारी भीड़ देखने को मिल रही है, जहां लोग प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताते नजर आ रहे हैं.

झरने के सामने सेल्फी, मस्ती और पिकनिक का मजा

दशम फॉल पहुंचे पर्यटकों में खासा उत्साह दिख रहा है. कोई झरने के सामने सेल्फी और वीडियो बनाता नजर आ रहा है तो कोई दोस्तों और परिवार के साथ नाचते-गाते पिकनिक का आनंद ले रहा है. कई लोग झरने के आसपास बैठकर भोजन करते हुए मौसम और नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं.

दशम फॉल का प्राकृतिक सौंदर्य कर रहा सबको मंत्रमुग्ध

यहां घूमने आए पर्यटकों का कहना है कि दशम फॉल का प्राकृतिक सौंदर्य मन को बेहद सुकून देता है. 144 फीट की ऊंचाई से गिरती जलधारा और चारों तरफ फैली हरियाली इस जगह को खास बनाती है. परिवार के साथ समय बिताने और नई जगह देखने के लिए दशम फॉल एक बेहतरीन विकल्प है.

बढ़ी भीड़, सड़क पर लग रहा जाम

पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण दशम फॉल तक जाने वाली सड़कों पर कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है. वाहनों की लंबी कतारों के चलते लोगों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि, पर्यटक मित्र अपने स्तर पर व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं.

सुरक्षा को लेकर टूरिस्ट गाइड पूरी तरह सतर्क

भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह मुस्तैद है. पर्यटक मित्र लगातार लोगों को डेंजर जोन में जाने से रोक रहे हैं, ताकि कोई हादसा न हो. जोश में आकर जब कोई पर्यटक डेंजर जोन की ओर बढ़ता है तो तुरंत सीटी बजाकर उसे चेतावनी दी जाती है.

झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल दशम फॉल

उफनती जलधारा, प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ियों के बीच बसा दशम फॉल झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार है. हर साल यहां हजारों पर्यटक पहुंचते हैं. यह जगह स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का भी जरिया बन रही है. दशम फॉल के आसपास खाने-पीने की अच्छी व्यवस्था मौजूद है, हालांकि ज्यादातर पर्यटक खुद भोजन बनाकर पिकनिक मनाने आते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *