JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

कड़ाके की ठंड से कांपा झारखंड, दो दिनों तक 13 जिलों में शीतलहर का येलो अलर्ट

Spread the love

Jharkhand Cold Wave: झारखंड में घने कोहरे और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. लगातार गिरते तापमान ने कनकनी और बढ़ा दी है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 13 जनवरी को रांची समेत 13 जिलों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया है. मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटों के दौरान पलामू संभाग और उससे सटे इलाकों में कनकनी और तेज ठंड महसूस की जाएगी. वहीं, बीते 24 घंटों की बात करें तो गुमला 3.8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि रांची में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

अगले 24 घंटे तक मौसम रहेगा खराब

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है. इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 13 जनवरी को रांची समेत कुल 13 जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट प्रभावी रहेगा.

13 जनवरी को इन 13 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में शीतलहर की चेतावनी दी गई है.

इन इलाकों में बढ़ेगी कनकनी

मौसम विभाग का कहना है कि संथाल परगना और कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम को छोड़कर पलामू संभाग और आसपास के जिलों में अगले 48 घंटों तक कनकनी बनी रहेगी. बीते एक दिन में राज्य के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड महसूस की गई. हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा और बोकारो के कुछ इलाकों में भी शीतलहर का असर साफ तौर पर देखा गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *