BREAKING: 7 हजार घूस लेते नप गए सरकारी अमीन, पलामू ACB ने रंगेहाथों दबोचा
Latehar: भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB ने बड़ी कार्रवाई की है. पलामू ACB की टीम ने एक सरकारी अमीन को 7 हजार घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए अमीन का नाम मुनिदेव सिंह है. वह लातेहार जिले के गारू प्रखंड के अंचल कार्यालय में तैनात था.
ऑनलाइन रसीद कराने के नाम पर मांगी थी घूस
ACB के मुताबिक, गारू थाना क्षेत्र के रहने वाले 27 वर्षीय विशाल कुमार ने मुनिदेव सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. विशाल ने बताया कि उसकी मां चम्पा देवी के नाम से जो रसीद ऑफलाइन कट रही थी, उसे ऑनलाइन कराने के लिए अमीन ने 7 हजार रुपये की मांग की. विशाल ने कई बार अमीन को समझाया कि वह इतनी रकम देने में सक्षम नहीं है, लेकिन आरोपी ने बिना पैसे लिए काम करने से साफ इनकार कर दिया.
शिकायत सही पाई गई, बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की जांच की. जांच में आरोप सही पाए गए. इसके बाद टीम ने अमीन को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. योजना के तहत विशाल कुमार को मांगी गई रकम देकर अमीन के पास भेजा गया. जैसे ही मुनिदेव सिंह ने रिश्वत के पैसे अपने हाथ में लिए, पहले से घात लगाए बैठी ACB की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी अमीन के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. ACB की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है.

