खूंटी-सिमडेगा मार्ग पर बोलेरो और टैंकर की टक्कर, दो युवकों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

Spread the love

Ranchi: गुमला जिले में गुरुवार सुबह खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में खूंटी जिले के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा कामडारा थाना क्षेत्र के पोकला बाजार के पास उस समय हुआ, जब युवक सिमडेगा के राम रेखा धाम मेले से लौट रहे थे.

मृतकों की पहचान मुरहू प्रखंड के हांसा गांव निवासी शिवदत्त मांझी और अनुज मांझी के रूप में हुई है. गंभीर रूप से घायल लोगों में प्रभाष कुमार, अमित महतो (रेवा गांव), चंद्रू राम, सुनील कुमार (जुरदाग) और रंजीत महतो (बांदे गांव) शामिल हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चला रहे प्रभाष कुमार अपने साथियों के साथ मेले से वापस लौट रहे थे. सुबह करीब साढ़े चार बजे पोकला बाजार के पास उनकी बोलेरो सामने से आ रहे एक टैंकर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गई.

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी सवारों को वाहन से बाहर निकाला. घायलों को पहले कामडारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स (रांची) रेफर कर दिया गया.

कामडारा थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य में स्थानीय लोगों की मदद ली. दो युवकों की मौके पर मौत हो चुकी थी, जबकि बाकी घायलों की हालत गंभीर है. उन्होंने बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top