Patna: बिहार के नवगछिया में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजो के बीच गोलीबारी की घटना सामने आई है. इस घटना में उनके एक भतीजे की मौत हो गई है, जबकि दूसरा भाई और मां घायल हैं. आपसी विवाद में दोनों तरफ से गोलीबारी हुई.
नवगछिया पुलिस ने बताया कि पानी को लेकर हुए विवाद में दो भाइयों विश्वजीत और जयजीत के बीच गोलीबारी हुई. इस घटना में गोली लगने से विश्वजीत की मौत हो गई, जबकि जयजीत और मां हिना देवी घायल हैं. दोनों को भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक विश्वजीत और जयजीत केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के भांजे हैं. दोनों की मां हिना देवी के हाथ में गोली लगी है.
जानकारी के मुताबिक, नवगछिया के जगतपुर गांव में मृतक विश्वजीत यादव और जयजीत यादव दोनों एक ही घर में साथ रहते थे. विश्वजीत बड़ा और जयजीत छोटा था. दोनों खेती कर अपना गुजारा करते थे. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच नल के पानी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों में मारपीट हो गई. जयजीत ने विश्वजीत पर फायरिंग की. घायल विश्वजीत ने भी जवाबी फायरिंग की. अस्पताल ले जाते समय विश्वजीत की मौत हो गई, जबकि जयजीत बुरी तरह घायल है. हिना देवी और जयजीत का इलाज बीजेपी एमएलसी डॉ एनके यादव के अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस ने विश्वजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना की सूचना मिलने के बाद नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमारी मौके पर पहुंचीं. उनके नेतृत्व में मामले की जांच की जा रही है. जगतपुर गांव के रहने वाले प्रदीप कुमार ने आजतक से बातचीत में कहा, ‘हम लोग बाहर थे. हमें दूसरे लोगों से घटना की जानकारी मिली. सबसे बड़ी बात यह है कि यह बहुत अच्छा परिवार है. भाइयों के बीच नल को लेकर कुछ विवाद हुआ था, जिसके बाद फायरिंग हुई.’