राजधानी रांची के सुजाता चौक पर वसूली कर रहा था PCR चालक! फोटो वायरल होते ही सिटी एसपी ने किया सस्पेंड, पुलिस महकमे में हड़कंप

2 Min Read
Spread the love

Ranchi: राजधानी रांची में रविवार रात एक वायरल तस्वीर ने पुलिस महकमे में खलबली मचा दी. मामला सुजाता चौक का है, जहां बालू लदे एक ट्रक से कथित अवैध वसूली का आरोप सामने आया है. रात करीब 10 बजे इंटरनेट पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी सड़क के बीच ट्रक रोककर पैसे लेते हुए नजर आ रहा है. तस्वीर सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित PCR चालक को सस्पेंड कर दिया.

सिटी एसपी खुद पहुंचे मौके पर

सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि वे खुद घटनास्थल पर पहुंचे और PCR चालक से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान चालक ने दावा किया कि वह ट्रक चालक से सिर्फ पर्चा लेकर रास्ते की जानकारी ले रहा था और उसके हाथ में कोई पैसा नहीं था. हालांकि, वायरल तस्वीर और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उसे सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है. आगे की कार्रवाई विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी.

पहले भी हो चुकी है सख्त कार्रवाई

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले शनिवार रात जुआ खिलाने और मारपीट के आरोप में पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था. इस पूरे मामले पर एसएसपी ने साफ कहा है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. वायरल तस्वीर के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *