LPG Crisis: झारखंड में गैस की किल्लत? एजेंसियों के बाहर कतारें, प्रशासन अलर्ट

4 Min Read
Spread the love

LPG Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बनी अस्थिरता का असर अब झारखंड में रसोई गैस की आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है. तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी की निर्बाध सप्लाई बनाए रखने के लिए राज्य में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर फिलहाल अस्थायी रोक लगा दी है. इसके साथ ही पैनिक बुकिंग को रोकने के लिए नया नियम लागू किया गया है. अब उपभोक्ता दो एलपीजी सिलेंडरों की बुकिंग के बीच कम से कम 25 दिनों का अंतराल रखेंगे. इस फैसले का उद्देश्य गैस सिलेंडरों की जमाखोरी को रोकना और सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाना है.

रांची में प्रशासन सतर्क, कंपनियों के साथ बैठक

राजधानी रांची में हाल के दिनों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें और आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर एसडीओ कुमार रजत ने पेट्रोलियम कंपनियों के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की.

बैठक में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए. कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि गैस बुकिंग के बाद अधिकतम दो से तीन दिनों के भीतर उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए.

छोटे सिलेंडर बिना बुकिंग मिलेंगे

उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह भी व्यवस्था की है कि 5 किलो और 2 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर बिना प्री-बुकिंग के भी उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे उन लोगों को राहत मिलेगी जिन्हें तुरंत गैस की जरूरत होती है.

कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्त नजर

एसडीओ कुमार रजत ने स्पष्ट कहा है कि गैस वितरण प्रणाली की लगातार निगरानी की जा रही है. यदि कोई एजेंसी या वितरक कालाबाजारी करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति का बहाना बनाकर स्थानीय स्तर पर अवैध वसूली किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

कमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में बिकने की शिकायत

इधर होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है, कि कमर्शियल गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं. कई लोगों ने आरोप लगाया है कि बाजार में कमर्शियल सिलेंडर ब्लैक में करीब 2600 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं.

रसोई गैस के दाम में बढ़ोतरी

इस बीच धनबाद में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. 7 मार्च 2026 से लागू नई दरों के अनुसार जो सिलेंडर पहले 910 रुपये में मिलता था, उसकी कीमत बढ़कर अब 970 रुपये हो गई है. यानी प्रति सिलेंडर 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.

प्रशासन का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित रखने और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *