Jharkhand Weather: राज्य में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट

Spread the love

Jharkhand Weather: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 12 मार्च तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है. इस दौरान कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि 13 मार्च से राज्य में मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना जताई गई है.

इन मौसम प्रणालियों का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिणी झारखंड और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इसके अलावा दक्षिण झारखंड से लेकर मराठवाड़ा तक ओडिशा, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के रास्ते एक ट्रफ रेखा भी बनी हुई है. इन्हीं मौसम प्रणालियों के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है.

वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ क्षेत्र में सबसे अधिक 42.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो हाल के दिनों में राज्य में हुई सबसे अधिक वर्षा है.

अगले 24 घंटे में इन इलाकों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान झारखंड के पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है.

इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, गुमला, खूंटी, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर और गिरिडीह जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है.

11 मार्च को इन जिलों में रहेगा असर

11 मार्च को रामगढ़, बोकारो, धनबाद, रांची, खूंटी, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह जिलों में अलग-अलग स्थानों पर बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है.

12 मार्च को भी रहेगा मौसम का प्रभाव

मौसम विभाग के मुताबिक, 12 मार्च को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर और जामताड़ा जिलों के लिए भी 12 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया गया है.

13 मार्च से मौसम होगा साफ

मौसम विभाग का कहना है कि 13 मार्च से झारखंड में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा और बारिश की गतिविधियां कम हो जाएंगी.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top