WhatsApp के नए फीचर्स रोलआउट: iPhone में अब चलेंगे दो अकाउंट, AI से चैटिंग होगी स्मार्ट
WhatsApp ने अपने यूजर्स के लिए कई नए और काम के फीचर्स रोलआउट किए हैं, जिनसे ऐप पहले से ज्यादा स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बन गया है. इन अपडेट्स का मकसद चैटिंग को आसान बनाना, स्टोरेज मैनेजमेंट को बेहतर करना और यूजर्स को AI के जरिए नया अनुभव देना है. सबसे खास बदलाव यह है कि अब iPhone यूजर्स भी एक ही डिवाइस में दो WhatsApp अकाउंट चला सकते हैं. इसके अलावा चैट ट्रांसफर, स्टोरेज कंट्रोल और AI फीचर्स में भी बड़े सुधार किए गए हैं. कंपनी के मुताबिक, ये सभी फीचर्स फेज वाइज रोलआउट हो रहे हैं और जल्द ही सभी यूजर्स तक पहुंच जाएंगे.
iPhone में अब चलेंगे दो WhatsApp अकाउंट
अब iPhone यूजर्स एक ही फोन में दो WhatsApp अकाउंट इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे वर्क और पर्सनल चैट को अलग रखना आसान हो जाएगा और दो फोन रखने की जरूरत खत्म हो जाएगी. ऐप में नीचे प्रोफाइल फोटो दिखाई देगी, जिससे यूजर्स को आसानी से पता चल जाएगा कि वे किस अकाउंट में हैं. साथ ही अकाउंट स्विच करना भी बेहद आसान बना दिया गया है.
फोन बदलना हुआ आसान, चैट रहेगी सुरक्षित
WhatsApp ने अपना चैट ट्रांसफर फीचर और बेहतर कर दिया है. अब यूजर्स Android और iPhone के बीच आसानी से पूरी चैट हिस्ट्री ट्रांसफर कर सकते हैं. पहले प्लेटफॉर्म बदलने पर चैट खोने का डर रहता था, लेकिन अब कुछ आसान स्टेप्स में फोटो, वीडियो और मैसेज नए फोन में सुरक्षित ट्रांसफर किए जा सकते हैं.
स्टोरेज मैनेज करना हुआ और आसान
अब WhatsApp में स्टोरेज क्लीन करना भी काफी आसान हो गया है. यूजर्स किसी भी चैट के अंदर जाकर बड़े फाइल्स को पहचानकर डिलीट कर सकते हैं.
- चैट के नाम पर टैप करें
- “Manage Storage” ऑप्शन चुनें
- सिर्फ मीडिया फाइल्स हटाएं, चैट हिस्ट्री सुरक्षित रखें
इससे फोन की स्टोरेज खाली करने में काफी मदद मिलेगी.
इमोजी टाइप करते ही मिलेंगे स्टिकर सजेशन
WhatsApp अब चैटिंग को और मजेदार बना रहा है. जैसे ही आप कोई इमोजी टाइप करेंगे, ऐप उससे जुड़े स्टिकर्स सजेस्ट करेगा.
यूजर्स सिर्फ एक टैप में इमोजी को स्टिकर में बदल सकते हैं, जिससे अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से व्यक्त करना आसान हो जाएगा.
Meta AI से फोटो एडिटिंग
अब WhatsApp में फोटो भेजने से पहले उसे एडिट करना और भी आसान हो गया है. Meta AI की मदद से यूजर्स:
- फोटो का बैकग्राउंड बदल सकते हैं
- अनचाहे ऑब्जेक्ट हटा सकते हैं
- क्रिएटिव स्टाइल्स लागू कर सकते हैं
हालांकि, ये फीचर्स फिलहाल सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं हैं और धीरे-धीरे रोलआउट किए जा रहे हैं.
AI Writing Help से मिलेगा स्मार्ट रिप्लाई
WhatsApp का AI Writing Help फीचर अब चैट के अनुसार रिप्लाई सजेस्ट करता है. अगर आपको समझ नहीं आ रहा कि क्या जवाब दें, तो यह फीचर सही शब्द चुनने में मदद करता है.
कंपनी का कहना है कि यह फीचर यूजर की प्राइवेसी को पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए काम करता है.

