INDIAJHARKHANDLATEST NEWS

Weather Alert: ठंड के बीच बारिश का डबल अटैक! 8 राज्यों में अलर्ट, 17 जिलों में शीतलहर—जानिए आपके शहर का हाल

Spread the love

Weather Alert: देशभर में कड़ाके की ठंड से अभी रहत मिलनी शुरू ही हुई थी और अब मौसम ने एक और मुश्किल खड़ी कर दी है. मौसम विभाग ने एक बार फिर 8 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय खास सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.

28 जनवरी 2026 का Weather Alert:

देश में ठंड के बीच बारिश लगातार आफत बनती जा रही है. मौसम विभाग ने अगले 10 घंटे के भीतर 8 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं. आईएमडी के मुताबिक इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और इसका असर सेहत पर भी पड़ सकता है.
उधर, उत्तर भारत के 17 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है. पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की चेतावनी के चलते पर्यटकों को खास तौर पर सावधान रहने को कहा गया है. आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में मौसम का हाल—

देश के राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने जिन 8 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी है, उनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तराखंड और सिक्किम शामिल हैं. इन इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है.

  • उत्तराखंड में 28 जनवरी को गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है, जिसकी रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है.
  • बिहार में मध्यम से भारी बारिश, गरज, बिजली और 30–40 किमी/घंटा की तेज हवाओं की संभावना है.
  • सिक्किम में छिटपुट ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है.
  • मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.

इसके अलावा, 30 जनवरी की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से 1 और 2 फरवरी को पश्चिमी हिमालय और आसपास के मैदानी इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. इससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और सुबह की ठंड और बढ़ेगी.

उत्तर भारत के 17 जिलों में शीतलहर

मौसम विभाग के मुताबिक 28 जनवरी को उत्तर भारत के 17 जिलों में शीतलहर का असर रहेगा.

  • उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, अयोध्या, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बस्ती, बदायूं, कानपुर, ललितपुर और महोबा में ठंड बढ़ेगी.
  • दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, यमुनानगर और पानीपत में सुबह के समय ठंडी हवाएं चलेंगी.
  • पंजाब के अमृतसर, बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, मोगा और रूपनगर में भी शीतलहर परेशान करेगी.

Delhi Weather Forecast: दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में 28 जनवरी को बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन 27 जनवरी की रात को तेज बारिश हो सकती है. इसका असर अगले दिन तापमान पर दिखेगा और पारा 1–2 डिग्री तक गिर सकता है. बारिश के चलते कुछ इलाकों में ट्रैफिक भी प्रभावित रहा.
दिल्ली में कल अधिकतम तापमान 18°C और न्यूनतम 8°C रहने का अनुमान है. गौरतलब है कि 23 जनवरी को हुई मूसलाधार बारिश के बाद तापमान गिरकर 4°C तक पहुंच गया था.

Uttar Pradesh Weather Forecast: यूपी का मौसम

मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
लखनऊ, कानपुर, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, बहराइच, गोंडा, बस्ती, बाराबंकी, संत कबीर नगर, महाराजगंज, देवरिया और गोरखपुर में मध्यम से भारी बारिश के साथ 40–50 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं.
लखनऊ में कल अधिकतम तापमान 18°C और न्यूनतम 12°C रहेगा.

Bihar Weather Forecast: बिहार में मौसम का मिजाज

28 जनवरी को बिहार में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान और सीतामढ़ी में अगले 15 घंटे में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.
इस दौरान 30–40 किमी/घंटा की हवा और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी है.
पटना में कल अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 13°C रहने का अनुमान है.

Uttarakhand Weather Forecast: उत्तराखंड का हाल

उत्तराखंड में 28 जनवरी को बारिश और आंधी की चेतावनी है. नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर में 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

  • मसूरी: अधिकतम 16°C, न्यूनतम 8°C
  • देहरादून: अधिकतम 18°C, न्यूनतम 8°C

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में बारिश का अलर्ट नहीं है, लेकिन शीतलहर परेशान करेगी. कांगड़ा, हमीरपुर, सोलन, मंडी, बिलासपुर और सिरमौर में ठंड बढ़ेगी.
मनाली में कल अधिकतम -1°C और न्यूनतम -10°C रहने का अनुमान है. राज्य के कई इलाकों में लगातार बर्फबारी हो रही है.

Jammu Kasmir Weather Forecast: जम्मू-कश्मीर

28 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन सुबह के समय 10–15 किमी/घंटा की ठंडी हवाएं चलेंगी.
श्रीनगर में कल अधिकतम 3°C और न्यूनतम -6°C रहने की संभावना है.

Rajasthan Weather Forecast: राजस्थान में कोहरे का कहर

राजस्थान में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है.
हनुमानगढ़, चुरू, सीकर, अलवर, भरतपुर, करौली और धौलपुर में सुबह के समय सफर करते वक्त खास सावधानी बरतने की जरूरत है.
जयपुर में कल अधिकतम 19°C और न्यूनतम 9°C रहेगा.

Madhya Pradesh Weather Forecast: मध्य प्रदेश में बारिश

मध्य प्रदेश में 28 जनवरी को बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. छतरपुर, शिवपुरी, सतना, पन्ना, रीवा और टीकमगढ़ में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है.
यहां 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
भोपाल में कल अधिकतम 22°C और न्यूनतम 11°C रहेगा.

Jharkhand Weather Forecast: झारखंड में सूखा मौसम, बढ़ेगा तापमान

आईएमडी रांची के अनुसार, झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम ड्राई रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. हालांकि सुबह और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी, खासकर नॉर्थ-वेस्ट और सेंट्रल झारखंड में.

संताल परगना

देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में दिन का तापमान 28–30°C तक पहुंच सकता है. रात का पारा 11–15°C के बीच रहेगा.

पलामू डिवीजन

कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में सुबह ठंड और कोहरे का असर रहेगा. तापमान 25–30°C के बीच रह सकता है.

रांची और सेंट्रल झारखंड

रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी और गुमला में मौसम साफ रहेगा. रांची में तापमान 26 से 28°C तक जा सकता है, जबकि रात में पारा 9–12°C तक गिर सकता है.

साउथ झारखंड

पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में सबसे ज्यादा गर्मी रहेगी. यहां तापमान 30–31°C तक पहुंच सकता है.

राहत की बात

आईएमडी के मुताबिक फिलहाल झारखंड में किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ या बारिश की संभावना नहीं है. दिन में हल्की गर्मी बढ़ेगी, लेकिन सुबह-शाम ठंड से राहत नहीं मिलेगी. लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और दिन में पर्याप्त पानी पिएं. किसानों के लिए यह मौसम फसल कटाई और भंडारण के लिहाज से अनुकूल माना जा रहा है.

Whatsapp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *