GARHWAJHARKHANDLATEST NEWS

रामनवमी शोभायात्रा में बवाल, गढ़वा में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प

Spread the love

झारखंड के गढ़वा जिले में रामनवमी के मौके पर निकली शोभायात्रा के दौरान एक बार फिर तनाव भड़क गया. गुरुवार रात कौवाखो शिव चतुर्थ क्षेत्र के पास दो समुदायों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ.

प्रशासन के अनुसार, महाष्टमी के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान ध्वज फहराने और पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुई कहासुनी तेजी से बढ़ गई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति काबू में लाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा.

झड़प में कई लोग घायल

इस झड़प में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं. घटना के बाद शुक्रवार को पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा रहा और एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की और अब तक 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है और किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. साथ ही, जिले में निकलने वाली अन्य रामनवमी शोभायात्राओं को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आगे किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *