LATEST NEWSVIRAL NEWS

चोरी करने आया था, खुद ही फंस गया, बस से लटकते चोर का वीडियो वायरल

Spread the love

Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग अपनी हंसी रोक नहीं पा रहे हैं. वीडियो में एक शख्स बस की खिड़की से इस तरह लटका नजर आ रहा है, मानो जिम में बेंच प्रेस की प्रैक्टिस कर रहा हो. कहानी भी उतनी ही मजेदार है, जितना ये नजारा. दरअसल, एक चोर चलती बस से मोबाइल चोरी करने की कोशिश की, लेकिन बेचारा इसमें फेल हो गया. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई चोर के मजे ले रहा है.

क्या है मामला?

दरअसल, एक शातिर चोर ने चलती बस से मोबाइल फोन झपटने की कोशिश की. शायद उसे लगा होगा कि वह झपट्टा मारकर फरार हो जाएगा और खुद को किसी फिल्मी हीरो से कम नहीं समझ रहा होगा. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. बस के अंदर बैठे यात्री उससे भी ज्यादा फुर्तीले निकले. जैसे ही चोर ने खिड़की से हाथ डालकर फोन झपटना चाहा, अंदर बैठे यात्री ने उसका हाथ कसकर पकड़ लिया. इसके बाद जो हुआ, वह अब इंटरनेट पर लोगों के लिए मनोरंजन का फुल डोज बन गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चोर का आधा शरीर बस के अंदर और आधा बाहर हवा में लटका हुआ है. ऐसा लग रहा है मानो चोरी करने नहीं, बल्कि खिड़की से झूला झूलने आया हो.

बस तब तक चलती रही और यात्री चोर को पकड़े रहे. जैसे ही बस रुकी, यात्रियों ने मिलकर चोर को खिड़की के अंदर खींचने की कोशिश शुरू कर दी. वहीं चोर बाहर निकलने के लिए पूरी ताकत लगा रहा था, लेकिन उसकी एक न चली. हालांकि यह वीडियो कहां का है और कब रिकॉर्ड किया गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

यहां देखें वीडियो

सोशल मीडिया पर लोगों ने लिए जमकर मजे

यह वीडियो X हैंडल @gharkekalesh से शेयर किया गया है, जिसके बाद कमेंट्स की झड़ी लग गई. कोई इसे मिशन इम्पॉसिबल का सस्ता वर्जन बता रहा है, तो कोई लिख रहा है कि अब इसकी अच्छे से खातिरदारी होगी. एक यूजर ने मजाक में लिखा, ‘फोन स्नैच करने आया था, खुद ही स्नैच हो गया.’ वहीं दूसरे ने तंज कसते हुए कहा, ‘क्या चोर बनेगा रे तू.’ कुल मिलाकर यह वीडियो लोगों के लिए हंसी का पिटारा बन गया है और एक बार फिर साबित कर दिया कि कभी-कभी चोर से ज्यादा तेज उसके शिकार निकल आते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *