Google Map का इस्तेमाल करना पुलिस को पड़ गया महंगा, असम पुलिस को पहुंचा दिया नगालैंड, ग्रामीणों ने बनाया बंधक

2 Min Read
Spread the love

inlive247 Desk: असम पुलिस की 16 सदस्यीय टीम ‘Google Map’ के जरिए छापेमारी के दौरान अनजाने में नागालैंड के मोकोकचुंग जिले में पहुंच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को अपराधी समझकर उन पर हमला कर दिया और उन्हें रात भर बंधक बनाए रखा. बुधवार को एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी.

पुलिस टीम अपराधी की तलाश में नागालैंड की सीमा में घुसी

असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात को हुई जब जोरहाट जिला पुलिस की एक टीम एक आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही थी. पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह एक चाय बागान क्षेत्र था, जिसे गूगल मैप्स पर असम में दिखाया गया था. हालांकि, यह वास्तव में नागालैंड के अंदर था. जीपीएस और भ्रामक मार्गदर्शन को लेकर भ्रम की स्थिति के कारण, टीम अपराधी की तलाश में नागालैंड की सीमा में घुस गई.” उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने असम पुलिस टीम के कर्मियों को अत्याधुनिक हथियार लेकर आए बदमाशों के रूप में समझा और उन्हें बंधक बना लिया.

सादे कपड़ों में थे पुलिसकर्मी, स्थानीय लोगों ने किया हमला

पुलिस अधिकारी ने बताया, “पुलिस दल के 16 कर्मियों में से केवल तीन वर्दी में थे और बाकी सादे कपड़ों में थे. इससे स्थानीय लोगों में भी भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. उन्होंने दल पर भी हमला किया और हमारा एक कर्मी घायल हो गया.”

नागालैंड में प्रतिकूल स्थिति की सूचना मिलने पर जोरहाट पुलिस ने तुरंत मोकोकचुंग के पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया, जिन्होंने असम पुलिस कर्मियों को बचाने के लिए एक दल मौके पर भेजा. स्थानीय लोगों को तब एहसास हुआ कि यह असम की असली पुलिस टीम थी और उन्होंने घायल व्यक्ति सहित पांच सदस्यों को रिहा कर दिया. हालांकि, उन्होंने शेष 11 लोगों को रात भर बंधक बनाए रखा. सुबह उन्हें रिहा किया गया और बाद में वे जोरहाट पहुंचे.

Whats app
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *