INDIASPORTS

अहमदाबाद में तिलक-हार्दिक का तूफान, बुमराह की यॉर्कर से थर्राया अफ्रीका; भारत ने 3-1 से जीती सीरीज!

Spread the love

नई दिल्ली/अहमदाबाद: टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को उनके घर के बाद अब अपने घर में भी धूल चटा दी है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रनों से रौंदकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली. यह भारत की लगातार 10वीं टी20 सीरीज जीत है. एक वक्त पर लग रहा था कि क्विंटन डी कॉक मैच छीन ले जाएंगे, लेकिन फिर मैदान पर ‘जस्सी’ का जादू चला और बाजी पलट गई.

मैदान पर आया तिलक और हार्दिक का ‘टॉर्नेडो’

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही. शुभमन गिल चोट की वजह से बाहर थे, तो संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला. संजू (37) और अभिषेक (34) ने शुरुआती 5 ओवरों में ही 63 रन कूट दिए। लेकिन असली तमाशा तो तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने दिखाया.

हार्दिक आज अलग ही मूड में थे. उन्होंने आते ही पहली गेंद पर छक्का जड़ा और सिर्फ 16 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली. यह टी20 में किसी भी भारतीय द्वारा जड़ी गई दूसरी सबसे तेज फिफ्टी है. हार्दिक ने 25 गेंदों में 63 रन बनाए, तो वहीं तिलक वर्मा ने 73 रनों की क्लासिक पारी खेली. इन दोनों की बदौलत भारत ने बोर्ड पर 231 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया.

डी कॉक ने बढ़ाई धड़कनें, बुमराह ने बुझाई ‘आग’

232 रनों का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम ने शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों को रिमांड पर ले लिया. क्विंटन डी कॉक (65) और ब्रेविस ने महज़ 10 ओवर में स्कोर 118 रन पहुंचा दिया था. मैदान पर ओस इतनी थी कि गेंद हाथ से फिसल रही थी.

तभी कप्तान ने गेंद जसप्रीत बुमराह को थमाई. बुमराह ने अपनी जादुई स्लोअर बॉल पर डी कॉक को खुद की गेंद पर कैच आउट किया और यहीं से मैच भारत की मुट्ठी में आ गया. बुमराह ने ऐसे मैच में जहां 430 से ज्यादा रन बने, वहां 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट लिए.

वरुण चक्रवर्ती की फिरकी में फंसे अफ्रीकी धुरंधर

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के लिए यह सीरीज किसी सपने जैसी रही. उन्होंने एडन मार्करम और फरेरा को लगातार दो गेंदों पर चलता कर अफ्रीका की कमर तोड़ दी. हालांकि आखिरी ओवरों में मार्को यानसेन ने कुछ बड़े छक्के लगाकर डराने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. वरुण ने 53 रन जरूर दिए, लेकिन 4 बड़े विकेट लेकर जीत पक्की कर दी.

मैच की बड़ी बातें:

  • संजू का जलवा: संजू ने दिखाया कि जब पेस बॉलर्स सामने हों, तो उनसे बेहतर हिटर कोई नहीं.
  • सूर्या का खराब दौर: कप्तान सूर्या के लिए यह साल कुछ खास नहीं रहा, वो इस बार भी सस्ते में आउट हुए.
  • अंपायर को लगी चोट: मैच के बीच में संजू का एक रॉकेट शॉट सीधा अंपायर के घुटने पर जा लगा, जिससे खेल कुछ देर के लिए रोकना पड़ा.
  • यानसेन का संघर्ष: मार्को यानसेन ने आखिरी तक हार नहीं मानी, लेकिन बुमराह के सामने उनकी एक न चली.

स्कोर कार्ड एक नजर में:

  • भारत: 231/5 (20 ओवर) – तिलक वर्मा 73, हार्दिक 63.
  • साउथ अफ्रीका: 201/8 (20 ओवर) – डी कॉक 65, वरुण 4/53.
Whatsapp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *