ENTERTAINMENTLATEST NEWS

पवन सिंह, रवि और अब निरहुआ… भोजपूरी स्टार्स के नाम पर मनोज तिवारी रखते हैं ड्राइवर, सुन हंसी से लोटपोट हुए कपिल शर्मा

Spread the love

The Great Indian Kapil Show Season 4: ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा जोनास, भारतीय महिला क्रिकेट टीम और अनन्या पांडे व कार्तिक आर्यन के साथ हंसी-मजाक से भरपूर एपिसोड पेश करने के बाद, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ अब भोजपुरी तड़का लगाने के लिए तैयार है. आने वाले एपिसोड में भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव और टीआरपी किंग पवन सिंह शो में हंसी के ठहाके लगाने वाले हैं. चैनल के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शो का नया प्रोमो जारी किया है, जिसमें दिनेश लाल यादव अपने सह-कलाकार मनोज तिवारी के बारे में कुछ मजेदार खुलासे करते नजर आ रहे हैं.

राजनीति पर सवाल और मंच पर हंसी-ठहाके

नेक्स्ट एपिसोड का लेटेस्ट प्रोमो रिलीज हो चुका है. प्रोमो में कपिल शर्मा निरहुआ से उनकी राजनीति में एंट्री को लेकर मजेदार अंदाज में सवाल करते नजर आ रहे हैं, जिसमें कपिल निरहुआ से पूछते हैं कि उन्होंने पॉलिटिक्स में कदम मनोज तिवारी को देखकर रखा या रवि किशन से प्रेरित होकर. ऐसे में कपिल के इस सवाल पर निरहुआ का जवाब माहौल को और मजेदार बना देता है.

निरहुआ ने दिया अतरंगी जवाब

प्रोमो में निरहुआ कपिल शर्मा से कहते हुए नजर आ रहे हैं, कि रवि किशन को भी राजनीति में मनोज तिवारी ही लाए थे. इस पर मनोज तिवारी तुरंत चुटकी लेते हुए कहते हैं कि “अब ये बात वो मानें तब ना”, जिससे पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठता है.

काले कपड़ों पर पवन सिंह का खुलासा

प्रोमो में पवन सिंह भी अपनी निजी आदतों को लेकर दिलचस्प खुलासा करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि, अगर किसी कपड़े को पहनकर उनका दिन खराब जाता है, तो वह उस कपड़े को दोबारा नहीं पहनते. उन्होंने यह भी बताया कि वह काले रंग के कपड़ों से दूरी बनाकर रखते हैं, जिसे सुनकर बाकी सब भी हंसने लगते हैं, क्योंकि शो में मनोज तिवारी काले कपड़ों में ही नजर आ रहे हैं.

ड्राइवरों के नाम पर भी लगा हंसी का तड़का

प्रोमो में निरहुआ ने मनोज तिवारी से जुड़ा एक और खुलासा किया, जिसमें वे बता रहे हैं कि मनोज तिवारी अपने ड्राइवर भी ऐसे रखते हैं, जिनके नाम उनके साथी कलाकारों जैसे होते हैं. निरहुआ ने बताया कि, मनोज तिवारी के पहले ड्राइवर का नाम रवि था, फिर पवन आया और अब ड्राइवर का नाम दिनेश है. हालांकि, मनोज तिवारी इसे सिर्फ एक संयोग बताते हैं, लेकिन स्टूडियो में मौजूद सभी लोग इस पर जमकर हंसते नजर आ रहे हैं.

‘लॉलीपॉप’ गाने पर डांस और पूरा माहौल मस्तीभरा

आने वाले एपिसोड में तीनों भोजपुरी सितारे मशहूर गाने ‘लॉलीपॉप’ पर डांस करते हुए भी दिखाई देंगे. उनके साथ अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू भी मस्ती में शामिल होंगे, जिससे शो का माहौल पूरी तरह से एंटरटेनमेंट से भर जाएगा.

देखें प्रोमो

शो की व्यूअरशिप का हाल

बता दें, शो के पहले एपिसोड में प्रियंका चोपड़ा की मौजूदगी से इस शो को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. एक रिपोर्ट के अनुसार, दूसरे एपिसोड में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के आने से व्यूअरशिप बढ़कर 23 लाख (2.3 मिलियन) तक पहुंच गई है. हालांकि, पिछले हफ्ते कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे वाले एपिसोड में व्यूअरशिप में हल्की गिरावट देखी गई और यह 21 लाख (2.1 मिलियन) रही. ऐसे में अब भोजपुरी स्टार्स के आने से शायद एक बार फिर शो की व्यूअरशिप बढ़ सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *