T20 World Cup 2026: भारत बना चैंपियन, न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रचा इतिहास

3 Min Read
Spread the love

ICC Men’s T20 World Cup 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई. इस जीत के साथ भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीती. साथ ही भारतीय टीम अब तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम बन गई है.

भारतीय बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन

मैच की शुरुआत में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. हालांकि, भारतीय ओपनर्स ने इस फैसले को गलत साबित करते हुए धमाकेदार शुरुआत की. अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पावरप्ले में ही न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. भारत ने शुरुआती छह ओवर में बिना विकेट खोए 92 रन बना डाले.

अभिषेक शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. हालांकि, वे 21 गेंदों में 52 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन तब तक टीम को मजबूत शुरुआत मिल चुकी थी.

सैमसन और किशन की शानदार पारियां

संजू सैमसन ने भी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. यह इस टूर्नामेंट में उनका लगातार तीसरा अर्धशतक रहा. सैमसन ने 89 रन की बेहतरीन पारी खेली.

ईशान किशन ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 54 रन बनाए. हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि हार्दिक पांड्या ने 18 रन का योगदान दिया.

पारी के आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 8 गेंदों में 26 रन बनाए, जिससे भारत का स्कोर 255 रन तक पहुंच गया.

न्यूजीलैंड की पारी जल्दी बिखरी

256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने तीसरे ओवर में ही पहला विकेट गंवा दिया. फिन एलन 7 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद रचिन रविंद्र 2 गेंदों में 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. ग्लेन फिलिप्स ने 5 रन बनाए, जबकि मार्क चैपमैन भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और 3 रन पर आउट हो गए.

टिम सीफर्ट ने जरूर तेज बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 52 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके. न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर ऑलआउट हो गई.

गेंदबाजों ने दिलाई शानदार जीत

भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके. वहीं अक्षर पटेल ने 3 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *