सुजीत नारायण प्रसाद बने झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, अधिसूचना जारी

Spread the love

रांची: झारखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है. केंद्रीय विधि मंत्रालय की ओर से इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है. दरअसल, हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विद्युत रंजन सारंगी 20 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. शुक्रवार को उनका अंतिम कार्यदिवस है. नए मुख्य न्यायाधीश की घोषणा होने तक कोर्ट के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश सुजीत प्रसाद ही कार्यभार संभालेंगे.

20 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं न्यायमूर्ति विद्युत रंजन सारंगी

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विद्युत रंजन सारंगी ने मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ ली थी. वे 20 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं. 19 जुलाई को हाईकोर्ट परिसर में उन्हें विदाई दी जाएगी. इससे पहले वे ओडिशा हाईकोर्ट में न्यायाधीश थे. उन्होंने ओडिशा हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में लंबे समय तक प्रैक्टिस की है. 20 जुलाई 1962 को ओडिशा में जन्मे डॉ. वीआर सारंगी ने बीजेबी कॉलेज भुवनेश्वर से कॉमर्स में स्नातक की पढ़ाई की थी. इसके बाद उन्होंने उत्कल विश्वविद्यालय के एमएस लॉ कॉलेज, कटक से स्वर्ण पदक के साथ एलएलबी ऑनर्स उत्तीर्ण किया.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top