गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्राया जमशेदपुर, दो गुटों के बीच झड़प और पथराव में 15 राउंड फायरिंग, छह लोग घायल

2 Min Read
Spread the love

Jamshedpur : जमशेदपुर में मंगलवार की रात जमकर बवाल हुआ. फेसबुक पर फोटो पोस्ट करने को लेकर हुए विवाद के बाद मंगलवार रात करीब 11 बजे बर्मामाइंस कैरिज कॉलोनी में दो गुटों के बीच जमकर फायरिंग हुई. इस दौरान करीब 15 राउंड गोलियां चलीं. फायरिंग से पहले झड़प और पथराव भी हुआ. इस घटना में छह लोग घायल हो गए. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से 8 खोखे बरामद किए. एक पिस्टल भी बरामद की गई. घायलों में शाहरुख, गुलाम, साजिद, अफजल के अलावा दो महिलाएं भी शामिल हैं.

यह मामला उस इलाके में वर्चस्व को लेकर है. अफजल के करीबी एक युवक ने अपने फेसबुक पर एक फोटो पोस्ट की थी, जिसका शाहरुख पक्ष के लोगों ने मजाक उड़ाया. इसे लेकर शाम 4 बजे से ही उनके बीच तनाव था. धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और रात 11 बजे अफजल और शाहरुख के गुट के बीच झड़प हो गई. इस दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं. उनके बीच जमकर पथराव भी हुआ. अफजल और शाहरुख के बीच काफी दिनों से विवाद चल रहा है. वे इलाके में नशे का कारोबार भी करते हैं. शाहरुख के खिलाफ बर्मामाइंस थाने में कई मामले दर्ज हैं. अफजल की छवि भी आपराधिक है.

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सुशील चौधरी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. लोगों ने बताया कि शाहरुख और उसके भाई का इलाके में आतंक है, जिससे लोग डरे हुए हैं. अफजल ने हाल ही में उनका विरोध करना शुरू किया था. इससे मामला उलझ गया. लोगों ने बताया कि पहले शाहरुख ने हमला किया. इसके बाद अफजल के गुट ने जवाबी कार्रवाई की. शाहरुख का स्क्रैप का कारोबार है, जिसमें चोरी का सामान बेचा जाता है. अफजल एक होटल चलाता है, जिससे नशे की दवा बेची जाती है. अवैध कारोबार को लेकर उनके बीच हमेशा तनाव रहता है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *