श्रावणी मेला- 2024 का विधिवत शुभारंभ, मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने किया उद्घाटन

3 Min Read
श्रावणी मेला- 2024
Spread the love

Deoghar: श्रावणी मेला- 2024 का शुभारंभ हो गया है. रविवार को झारखंड सरकार के जल संसाधन मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने श्रावणी मेला का उद्घाटन किया. इस अवसर पर विधायक बादल पत्रलेख समेत संथाल परगना प्रमंडल के कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे. झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश ठाकुर रविवार को बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे. यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेला का उद्घाटन किया. इस अवसर पर पंडा धर्मरक्षिणी सभा के सदस्यों के साथ ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद थे. उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार ने इस राजकीय मेला को काफी भव्य रूप दिया है. श्रावणी मेला में जो भी श्रद्धालु जल चढ़ाने आते हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो, उन्हें पर्याप्त सुविधाएं मिलें, वे शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाएं और अच्छे अनुभव के साथ अपने घर लौटें, यह हमारी सरकार ने सुनिश्चित किया है.

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि आप ऐसी व्यवस्था करें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

मुख्यमंत्री के इस निर्देश का अक्षरशः पालन करते हुए अधिकारी श्रद्धालुओं की सेवा में तत्पर रहेंगे. उन्होंने कहा कि बासुकीनाथ फौजदारी बाबा हैं. यहां पूजा-अर्चना करने आने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं की बाबा बासुकीनाथ पर अटूट आस्था है. पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री ने श्रावणी मेला 2024 का विधिवत उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों से कहा कि यह आस्था और भक्ति का मेला है. यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कैसे बेहतर सुविधा प्रदान की जाए और उन्हें जलार्पण कराया जाए, यह प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों की जिम्मेदारी और कर्तव्य है. सभी को इसे हर हाल में भक्ति और श्रद्धा के साथ पूरा करना है.

जरमुंडी प्रखंड को अनुमंडल का दर्जा दिलाने की उठ रही है मांग

बाबा बासुकीनाथ धाम जरमुंडी प्रखंड में स्थित है और लोग लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि जरमुंडी प्रखंड को अनुमंडल का दर्जा मिले. जनप्रतिनिधियों द्वारा भी मांग की गई थी लेकिन आज तक इस पर अमल नहीं हुआ. विधायक बादल पत्रलेख ने बासुकीनाथ मेला का उद्घाटन करते हुए अपने संबोधन में पुनः मांग की कि जरमुंडी प्रखंड को अनुमंडल बनाया जाए. इस पर मंत्री मिथलेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मांग पर संज्ञान लिया है और इसे अनुमंडल का दर्जा दिलाने के लिए आगे भी प्रयास किया जाएगा. श्रावणी मेला 2024 के उद्घाटन के अवसर पर दुमका के उपायुक्त, आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, दुमका अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिले के सभी बड़े एवं महिला अधिकारी के साथ-साथ मेला में प्रतिनियुक्त सभी कर्मी भी मौजूद थे.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *