DUMKAJHARKHANDLATEST NEWS

डबल मर्डर से दहला दुमका ! पुलिस कार्यालय के पीछे महिला और मासूम का शव मिला, इलाके में हड़कंप

Spread the love

Dumka: झारखंड की उपराजधानी दुमका से सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है. जहां बुधवार की सुबह वीर कुंवर सिंह चौक के पास स्थित पुलिस इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे एक लगभग 30 वर्षीय महिला और छह साल की बच्ची का शव बरामद हुआ. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा कि गांधी मैदान के समीप सुबह टहलने निकले लोगों और राहगीरों ने जब महिला और बच्ची का शव देखा तो अफरा-तफरी मच गई. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. खबर मिलते ही दुमका पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने जांच प्रक्रिया शुरू की.

स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला और बच्ची की हत्या बीती रात की गई हो सकती है. दोनों के शव एक साथ मिलने से मामला प्रथम दृष्टया डबल मर्डर का लग रहा है. हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक हत्या के समय और तरीके को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

मानसिक रूप से अर्धविक्षिप्त बताई जा रही महिला

जानकारी के मुताबिक, मृत महिला मानसिक रूप से अर्धविक्षिप्त थी और अक्सर अपनी छह साल की बच्ची के साथ इसी इलाके में नजर आती थी. स्थानीय लोगों ने बताया कि उसके साथ एक दिव्यांग युवक भी कई बार देखा जाता था, जो आसपास ही घूमता रहता था. पुलिस को इसी युवक पर शक है और उसकी तलाश की जा रही है.

अवैध हड़िया शराब कारोबार की भी चर्चा

घटनास्थल के आसपास हड़िया शराब के अवैध कारोबार की चर्चा भी सामने आ रही है. इस वजह से यह इलाका पहले से ही संवेदनशील माना जाता रहा है. कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि किसी विवाद या आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है. हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, आरोपी की तलाश जारी

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल संदिग्ध दिव्यांग युवक की तलाश की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है. इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे दुमका शहर में दहशत का माहौल है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *