सरायकेला में SSB का बड़ा एक्शन, दो एकड़ में फैली अफीम की खेती को किया नष्ट

Spread the love

Seraikela News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई की है. सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने शनिवार को विशेष अभियान चलाकर करीब दो एकड़ क्षेत्र में फैली अफीम की अवैध खेती को पूरी तरह नष्ट कर दिया.

गुप्त सूचना के आधार पर चला विशेष अभियान

SSB को जिले के रोलाहातु गांव में अफीम की अवैध खेती किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के सत्यापन के बाद निरीक्षक उज्ज्वल कांति मुहुरी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. इस कार्रवाई में कुचाई थाना पुलिस ने भी सहयोग किया. अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने खेतों में लहलहा रही अफीम की फसल को नष्ट कर दिया. जानकारी के अनुसार यह खेती पूरी तरह अवैध थी और क्षेत्र की सुरक्षा व कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन रही थी.

अवैध खेती करने वालों को दी सख्त चेतावनी

SSB ने कार्रवाई के दौरान स्पष्ट संदेश दिया, कि नशे की अवैध खेती और तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सशस्त्र सीमा बल, स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार संयुक्त रूप से ऐसे अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं.

जनता से सहयोग की अपील

SSB ने अपने संदेश में कहा कि जो लोग नशा तस्करी या अवैध खेती में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top