राष्ट्रपति के काफिले में घुसा स्कूटी सवार! रांची में सुरक्षा घेरा टूटा
रांची: झारखंड दौरे पर आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में राजधानी रांची में बड़ी चूक सामने आई है. रांची एयरपोर्ट से निकलने के बाद जब राष्ट्रपति का काफिला किशोरगंज चौक से गुजर रहा था, तभी एक स्कूटी सवार अचानक काफिले के भीतर घुस गया. हालांकि, मौके पर तैनात सतर्क पुलिसकर्मियों ने फौरन कार्रवाई करते हुए स्कूटी सवार को बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया.
तीन दिवसीय दौरे के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक
तीन दिन के झारखंड दौरे पर आई राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर यह घटना गंभीर मानी जा रही है. एयरपोर्ट से लोक भवन तक जाने वाले पूरे रूट को पूरी तरह सील किया गया था. इसके बावजूद, जैसे ही काफिला किशोरगंज चौक के पास पहुंचा, एक स्कूटी सवार सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए काफिले के भीतर आ गया. पुलिस ने तुरंत उसे रोका और किनारे ले जाकर हिरासत में ले लिया.
राहत की बात यह रही कि इस दौरान राष्ट्रपति का काफिला कहीं नहीं रुका, लेकिन तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के लिहाज से इसे बड़ी चूक बताया जा रहा है.
पांच–छह गाड़ियां निकलने के बाद अचानक घुसा स्कूटी सवार
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में साफ दिखता है कि राष्ट्रपति की गाड़ी समेत कई वाहन गुजरने के बाद अचानक एक स्कूटी सवार बीच में आ जाता है. किशोरगंज चौक से पहले ही एक सुरक्षाकर्मी उसे रोक लेता है और सड़क के किनारे ले जाकर काबू में कर लेता है.
स्कूटी सवार को हटाने के बाद राष्ट्रपति के कारकेड की कई अन्य गाड़ियां उसके पीछे से सुरक्षित निकल जाती हैं.
पुलिस चुप, पूछताछ जारी
राष्ट्रपति की सुरक्षा में हुई इस चूक पर फिलहाल रांची पुलिस के किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है. स्कूटी सवार अभी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है. मामले की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह लापरवाही थी या किसी और वजह से ऐसा हुआ.


