Ranchi : रांची के बुढ़मू में भेड़िये के हमले में दो लोग घायल हो गए. घटना बुधवार शाम बिंजा गांव में हुई. दोनों घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है. उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया गया है. फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है..घायलों में 55 वर्षीय बैजा भुइंया और 50 वर्षीय बहुरा गंझू शामिल हैं. उधर, इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
बकरी चराने जंगल में गए थे तभी भेड़ियों ने किया हमला
घटना को लेकर बताया जा रहा कि बुधवार को बैजा भुइंया और बहुरा गंझू जंगल में बकरी चराने गए थे. इस दौरान वे सूखी लकड़ी चुनने जंगल के अंदर गए थे. इसी दौरान दो भेड़िये उनकी बकरियों के पास पहुंचे. बकरियों की आवाज सुनकर जब वे उधर दौड़े तो भेड़ियों ने उन दोनों पर हमला कर दिया. उनकी चीख पुकार सुनकर जब ग्रामीण जंगल की ओर गए तो देखा कि वे खून से लथपथ पड़े थे. दोनों की हालत स्थिर है
इसके बाद ग्रामीणों ने उनके परिजनों को इसकी सूचना दी. इलाज के लिए दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टरों ने बताया है कि दोनों को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह लोगों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति जंगल की ओर अकेले न जाए.
