रेलवे ने रांची के इस इलाके में रहने वाले लोगों को जारी किया नोटिस, जल्द जमीन खाली करने का आदेश

2 Min Read
Spread the love

Ranchi : राजधानी रांची के तुपुदाना इलाके में स्थित पिठिया टोली के निवासियों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है. दरअसल, रेलवे प्रशासन ने इस इलाके में रहने वाले लोगों को रेलवे की जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया है. पिछले 50 सालों से यहां रह रहे ग्रामीण अब इस नोटिस से चिंतित हैं और अपने घरों को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से इस जमीन पर रह रहे हैं और अब अचानक बेघर होने से उन्हें काफी परेशानी होगी. उन्होंने रेलवे प्रशासन से अपील की है कि उन्हें यहां रहने दिया जाए या फिर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए.

ग्रामीणों ने विधायक नवीन जायसवाल को ज्ञापन सौंपा

नोटिस मिलने के बाद ग्रामीणों ने आपस में बैठक की और भारतीय जनता पार्टी हटिया मंडल अध्यक्ष राम मनोज साहू के नेतृत्व में विधायक नवीन जायसवाल से मुलाकात की. ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वे दशकों से यहां अपना घर बनाकर रह रहे हैं. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इलाके में सड़क, बिजली और नाली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी मुहैया कराई हैं. विधायक नवीन जायसवाल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेंगे और रेलवे के डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) से इस संबंध में चर्चा करेंगे. उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनके मकानों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *