PM Kisan Samman: खाते में आई पीएम किसान योजना की 20वीं क़िस्त, अन्नदाताओं के खिले चेहरे, जल्दी से चेक करें अकाउंट
PM Kisan Samman: केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 20वीं किस्त किसानों के खातों में भेज दी है. इस चरण में, देशभर के लगभग 9.7 करोड़ किसानों को ₹2000 की आर्थिक सहायता मिली है. यह सहायता किसानों को हर चार महीने में दी जाती है, ताकि वे अपनी कृषि संबंधी ज़रूरतों को पूरा कर सकें. अगर आपने इस योजना के लिए पंजीकरण कराया है, तो आप जान सकते हैं कि आपका नाम लाभार्थियों की सूची में है या नहीं और आपकी किस्त की स्थिति क्या है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी से डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किसानों के खातों में कुल ₹22,500 करोड़ की राशि भेजी.
इस बार कुछ किसानों के लिए पीएम किसान योजना की किस्त अटक सकती है, ऐसा इसलिए क्योंकि इस योजना के तहत राशि प्राप्त करने के लिए किसानों को कुछ प्रक्रिया पूरी करनी होती है, अगर यह प्रक्रिया अधूरी रह जाती है तो किस्त की राशि नहीं मिल पाएगी. अगर किसानों ने ई-केवाईसी नहीं कराई है या अपने बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक नहीं कराया है, तो भुगतान में देरी हो सकती है.
योजना का लाभ पाने के लिए भूमि सत्यापन करवाना भी ज़रूरी है. अगर किसानों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो उन्हें इन योजनाओं के तहत मिलने वाली राशि का लाभ नहीं मिल पाएगा. इसलिए समय रहते इन सभी बातों की जाँच कर लें.
कैसे पता करें कि खाते में पैसा आया है या नहीं
सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएँ.
वहाँ दिए गए “किसान कॉर्नर” सेक्शन में जाएँ.
अब “लाभार्थी स्थिति” या “अपनी स्थिति जानें” विकल्प पर क्लिक करें.
इसके बाद अपना आधार नंबर, बैंक खाता संख्या या मोबाइल नंबर दर्ज करें.
कैप्चा कोड भरें और OTP के ज़रिए वेरीफाई करें.
“डेटा प्राप्त करें” पर क्लिक करें.
अगर स्क्रीन पर “भुगतान सफल” दिखाई देता है, तो इसका मतलब है कि आपके खाते में पैसा आ गया है. अगर e-KYC अधूरा है, बैंक की जानकारी गलत है, या आधार लिंक नहीं है, तो स्क्रीन पर यही कारण दिखाई देगा.

