INDIALATEST NEWS

77वें गणतंत्र दिवस पर नए सुरों में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’, ऑस्कर विजेता कीरवानी नये अंदाज में करेंगे पेश

Spread the love

Republic Day 2026: भारत इस वर्ष अपना 77वां गणतंत्र दिवस बेहद खास अंदाज में मनाने जा रहा है. 26 जनवरी को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड इस बार ‘वंदे मातरम्’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की थीम पर आधारित होगी. इसी मौके पर देश को एक ऐतिहासिक सांस्कृतिक तोहफा मिलने वाला है. दरअसल, इस खास मौके पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ को एक नए और भव्य संगीत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा. इस विशेष प्रस्तुति की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता संगीतकार एम. एम. कीरवानी ने ली है, जिन्होंने सुपरहिट फिल्म RRR के जरिए भारत का नाम ग्लोबल स्टेज पर रोशन किया था.

150 साल पूरे होने पर ‘वंदे मातरम्’ को मिलेगा नया संगीत

‘वंदे मातरम्’ गीत की रचना के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह विशेष संगीत तैयार किया जा रहा है. गणतंत्र दिवस परेड में होने वाली इस ग्रैंड परफॉर्मेंस में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए करीब 2500 कलाकार हिस्सा लेंगे. यह प्रस्तुति भारतीय संस्कृति, एकता और राष्ट्रभक्ति का जीवंत प्रतीक होगी.

सोशल मीडिया पर कीरवानी का भावुक संदेश

इस खबर की पुष्टि खुद एम. एम. कीरवानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर की. उन्होंने इसे अपने जीवन का सम्मानजनक पल बताते हुए लिखा कि संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत गणतंत्र दिवस परेड के लिए संगीत रचना का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने देशवासियों से इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने की अपील करते हुए ‘वंदे मातरम्’ के उत्सव को मिलकर मनाने का संदेश दिया.

करियर का नया और गौरवशाली अध्याय

राष्ट्रीय स्तर पर ‘वंदे मातरम्’ जैसे ऐतिहासिक गीत के लिए संगीत रचना करना कीरवानी के करियर का एक अहम और यादगार अध्याय माना जा रहा है. यह प्रस्तुति न सिर्फ संगीत प्रेमियों के लिए खास होगी, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नए अंदाज में सामने लाएगी.

‘वंदे मातरम्’ का ऐतिहासिक सफर

बता दें ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय हैं. इस गीत की रचना वर्ष 1876 में की गई थी और इसे उनके प्रसिद्ध उपन्यास आनंदमठ में शामिल किया गया था, जो 1882 में प्रकाशित हुआ. अब साल 2026 में इस ऐतिहासिक गीत की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है, जिसे गणतंत्र दिवस परेड में संगीत के माध्यम से विशेष श्रद्धांजलि दी जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *