DHANBADJHARKHANDLATEST NEWS

अब पूरे धनबाद में फैलेगा PNG गैस नेटवर्क, 50 हजार घरों तक पहुंचेगी पाइपलाइन गैस

Spread the love

झारखंड के धनबाद में पाइपलाइन गैस (PNG) नेटवर्क का विस्तार तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे शहरवासियों को जल्द ही सस्ती और सुविधाजनक गैस सुविधा मिलने की उम्मीद है. रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की समस्याओं के बीच यह पहल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है.

650 इंच किलोमीटर पाइपलाइन का लक्ष्य

इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 650 इंच किलोमीटर लंबी स्टील पाइपलाइन बिछाई जा रही है. कंपनी का लक्ष्य अगले छह महीनों में बड़े स्तर पर गैस सप्लाई शुरू करना है, जिससे शहर के अधिकतर इलाकों को कवर किया जा सके.

50 हजार कनेक्शन का टारगेट

अभी तक करीब 13 हजार घरों को PNG कनेक्शन मिल चुका है, जबकि लक्ष्य 50 हजार कनेक्शन तक पहुंचने का है. कुसुम विहार, सरायढेला, सहयोगी नगर, धैया, जयप्रकाश नगर, हाउसिंग कॉलोनी, बाबूडीह, हीरापुर और गोसाईंडीह जैसे इलाकों में तेजी से काम चल रहा है और कई जगहों पर नेटवर्क लगभग तैयार है.

सिंदरी बना मॉडल एरिया

सिंदरी क्षेत्र में एसीसी कॉलोनी और बीआईटी सिंदरी कैंपस में पाइपलाइन गैस की सप्लाई शुरू हो चुकी है, जहां करीब 1000 घरों को इसका लाभ मिल रहा है. यहां की व्यवस्था को दूसरे इलाकों के लिए एक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है.

PNG क्यों है बेहतर विकल्प?

PNG गैस एलपीजी की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत तक सस्ती होती है और इसकी लगातार सप्लाई के कारण यह ज्यादा सुरक्षित भी मानी जाती है. साथ ही, उपयोग के अनुसार बिलिंग होने से उपभोक्ताओं को अतिरिक्त सुविधा मिलती है.

जल्द शुरू होगी नई सप्लाई

फिलहाल कुसुम विहार और सरायढेला जैसे क्षेत्रों में काम पूरा हो चुका है और अब तकनीकी प्रक्रिया के तहत हाई प्रेशर गैस को लो प्रेशर में बदलने की तैयारी की जा रही है. इसके बाद इन इलाकों में भी जल्द गैस सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *