20 फरवरी को दस्तक देगी नई Tata Punch EV फेसलिफ्ट, मिलेंगे बड़े अपडेट
Tata Motors 20 फरवरी 2026 को भारत में अपनी फेसलिफ्टेड Tata Punch EV लॉन्च करने की तैयारी में है. जनवरी 2024 से बाजार में मौजूद इस इलेक्ट्रिक एसयूवी को अब पहला बड़ा अपडेट मिलने जा रहा है. हाल ही में कंपनी ने इसके पेट्रोल वर्जन का फेसलिफ्ट मॉडल पेश किया था और माना जा रहा है कि नई Punch EV का लुक उसी से काफी प्रभावित होगा. आइए जानते हैं इस नये मॉडल का डिजाइन और क्या हो सकते हैं फीचर्स.
एक्सटीरियर अपडेट
डिजाइन के मामले में नई Punch EV में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इसमें कनेक्टेड LED डे-टाइम रनिंग लाइट्स, फ्रंट में चार्जिंग लिड और नए एयरोडायनामिक अलॉय व्हील्स दिए जाने की संभावना है. इसके अलावा, पीछे की ओर कनेक्टेड LED टेललैंप्स भी मिल सकते हैं, जिससे इसका लुक ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम नजर आएगा.
ADAS फीचर्स की संभावना
फेसलिफ्ट मॉडल में एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम यानी ADAS शामिल किए जाने की उम्मीद है. हालांकि, मौजूदा ICE वर्जन में यह फीचर अवेलेबल नहीं है. लेकिन नए मॉडल के फ्रंट बंपर में रडार जैसी यूनिट देखे जाने से संकेत मिलते हैं, कि इलेक्ट्रिक वर्जन में यह सुविधा जोड़ी जा सकती है.
इंटीरियर और फीचर्स
केबिन के लेआउट में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है, लेकिन फीचर्स को अपग्रेड किया जा सकता है. नई Punch EV में 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले मिल सकता है. इसके अलावा, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस फोन चार्जर, 360 डिग्री कैमरा, ऑटो-डिमिंग इनसाइड रियरव्यू मिरर और एंबियंट लाइटिंग जैसी सुविधाएं भी दी जा सकती हैं.
बैटरी और पावरट्रेन
पावरट्रेन में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. कंपनी मौजूदा 25kWh और 35kWh बैटरी ऑप्शन को ही जारी रख सकती है. 25kWh बैटरी के साथ 265 किलोमीटर की रेंज का दावा किया जाता है और इसमें 82hp तथा 114Nm का मोटर मिलता है. वहीं, 35kWh बैटरी पैक के साथ 365 किलोमीटर की रेंज और 122hp व 190Nm का अधिक पावरफुल मोटर दिया जाता है.

