Nepal Plane Crash: एक झटके में खत्म हुआ एयरलाइन के कर्मचारी का परिवार , प्लेन में सवार थे पत्नी और बेटा
Kathmandu: नेपाल की राजधानी काठमांडू में बुधवार को एक भयानक हादसा हुआ जब एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में एक बच्चे समेत एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल 18 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा उस समय हुआ जब त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद सौर्य एयरलाइन के विमान में आग लग गई. हादसे के वक्त विमान में कुल 19 लोग सवार थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इस हादसे में एयरलाइन के तकनीशियन मनु राज शर्मा, उनकी पत्नी प्रिजा खातीवाड़ा और उनके चार साल के बेटे आदि राज शर्मा की मौत हो गई. प्रिजा ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्रालय में सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करती थीं.
वहीं, इस हादसे के बाद अधिकारियों ने बताया कि पोखरा जा रहे विमान में एयरलाइन के दो क्रू मेंबर और तकनीकी स्टाफ समेत कुल 19 लोग सवार थे. यह विमान सुबह करीब 11 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुआ.
इस हादसे पर नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली का बयान भी सामने आया है. उन्होंने कहा कि इस घटना में लोगों की दुखद मौत से वह दुखी हैं. प्रधानमंत्री ने बताया कि नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं. उन्होंने सभी से इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने का आग्रह किया.
देश दुनिया की खबर सबसे पहले मोबाइल पर पाने के लिए WhatsApp ग्रुप से जुड़ें.


