ENTERTAINMENTLATEST NEWS

मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घुसखोर पंडित’ पर विवाद गहराया, Netflix से हटाई गई फिल्म की लिस्टिंग

Spread the love

Ghooskhor Pandat Controversy: मुंबई में Netflix के ग्रैंड स्लेट अनाउंसमेंट इवेंट में ऐलान के बाद से नीरज पांडे की फिल्म घुसखोर पंडित, जिसमें मनोज बाजपेयी मुख्य भूमिका में हैं, लगातार विवादों में बनी हुई है. फिल्म का नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया.

फिल्म निर्माताओं पर FIR, सोशल मीडिया पर नाराजगी

फिल्म के टाइटल को लेकर एक वर्ग का कहना है, कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. विरोध बढ़ने के बाद सोशल मीडिया पर फिल्म के मेकर्स और मनोज बाजपेयी को जमकर आलोचना का सामना करना पड़ा. इसी बीच फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई.

यूपी के मुख्यमंत्री के निर्देश पर दर्ज हुआ मामला

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर फिल्म घुसखोर पंडित के निर्माताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई. FIR में निर्देशक नीरज पांडे और अभिनेता मनोज बाजपेयी का नाम भी शामिल है.

मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे ने जारी किया बयान

विवाद बढ़ने के बाद मनोज बाजपेयी और नीरज पांडे दोनों ने अपना-अपना बयान जारी किया. मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह लोगों की भावनाओं और चिंताओं का सम्मान करते हैं और उन्हें गंभीरता से लेते हैं. उन्होंने कहा कि यह फिल्म किसी समुदाय पर टिप्पणी करने के उद्देश्य से नहीं बनाई गई थी, बल्कि यह एक खामी वाले किरदार और उसके आत्मबोध की यात्रा की कहानी है. उन्होंने यह भी कहा कि नीरज पांडे हमेशा अपनी फिल्मों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ बनाते हैं.

सभी प्रमोशनल कंटेंट हटाए गए

मेकर्स ने सार्वजनिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिल्म से जुड़ा सारा प्रमोशनल कंटेंट फिलहाल हटाने का फैसला लिया है. इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने यह भी नोटिस किया कि Netflix ने फिल्म को अपनी लिस्टिंग से हटा दिया है.

क्या नए नाम से दोबारा आएगी फिल्म?

अब जब फिल्म के टीजर और अन्य प्रमोशनल एसेट्स हटा दिए गए हैं और Netflix की लिस्टिंग से भी फिल्म गायब है, तो यह सवाल उठ रहा है कि क्या मेकर्स फिल्म को नए नाम के साथ दोबारा लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं. फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. दर्शक अब आगे के फैसले का इंतजार कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *