SIR पर सुप्रीम कोर्ट में ममता बनर्जी की सीधी लड़ाई! ‘People’s Advocate’ बनकर अदालत पहुंची CM, वकील के रूप में संभालेंगी मोर्चा
Desk: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी और कानूनी हलचल तेज़ हो गई है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से दाखिल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा. इसी मुद्दे से जुड़ी कई अन्य याचिकाओं पर भी उसी दिन अहम सुनवाई प्रस्तावित है. इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी हैं.
सुनवाई से पहले तृणमूल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक पोस्ट साझा की है, जिसने सियासी माहौल को और गरमा दिया है. पोस्ट में ममता बनर्जी को हाथ में फाइलें लिए सुप्रीम कोर्ट की ओर जाते हुए दिखाया गया है. इसके कैप्शन में उन्हें ‘People’s Advocate’ यानी जनता की वकील बताया गया है, जबकि विपक्षी रुख को ‘Devil’s Advocate’ करार दिया गया है. तस्वीरों के ज़रिए यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि मुख्यमंत्री SIR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में कानूनी जंग लड़ रही हैं.
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट के मुताबिक, इस मामले की सुनवाई प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ करेगी. यह पीठ मोस्तरी बानू और तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन व डोला सेन की ओर से दायर तीन याचिकाओं पर विचार करेगी. सूत्रों का कहना है कि एलएलबी की डिग्री रखने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद अदालत में पेश होकर अपनी दलीलें रखेंगीं.
बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने यह याचिका 28 जनवरी को दाखिल की थी. इसमें उन्होंने निर्वाचन आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पक्षकार बनाया है. इससे पहले मुख्यमंत्री ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिखकर चुनाव से पहले राज्य में चल रहे SIR को “मनमाना और खामियों से भरा” बताते हुए इसे रोकने की मांग की थी.
गौर करने वाली बात यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने 19 जनवरी को इस मामले में निर्देश जारी करते हुए कहा था कि पश्चिम बंगाल में SIR की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और इससे किसी भी मतदाता को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
अब सभी की नजरें बुधवार की सुनवाई पर टिकी हैं, जहां यह साफ हो सकता है कि SIR को लेकर आगे का रास्ता क्या होगा और ममता बनर्जी की कानूनी रणनीति किस दिशा में जाती है.

