JHARKHANDRANCHI

झारखंड में बड़ी कार्रवाई: बाबा राइस मिल से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग का ताबड़तोड़ छापा

Spread the love

Ranchi : गुरुवार सुबह आयकर विभाग ने झारखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाबा राइस मिल से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की. इसे वर्ष 2026 में आयकर विभाग की पहली बड़ी और अहम कार्रवाई माना जा रहा है. आयकर विभाग की जांच शाखा की टीमें रांची के अलग-अलग इलाकों-कांके रोड, रातू रोड, बरियातू, हरमू और नगड़ी में एक साथ तलाशी ले रही हैं.

इसके अलावा, हजारीबाग और जमशेदपुर समेत राज्य के अन्य जिलों में भी छापेमारी की खबर है. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई संभावित टैक्स चोरी, काले धन और आय छुपाने के शक में की जा रही है. जांच के दायरे में बाबा राइस मिल समूह की वित्तीय गतिविधियां और लेन-देन शामिल हैं.

छापेमारी के दौरान आयकर विभाग की टीमें मिल से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही हैं. कैश ट्रांजैक्शन, चालान, बिल और अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है. अधिकारियों का फोकस लेन-देन से जुड़े हर उस कागज पर है, जिससे आय और कर से जुड़ी गड़बड़ियों का पता लगाया जा सके.

फिलहाल आयकर विभाग ने इस कार्रवाई में शामिल व्यापारियों के नाम या आरोपों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है. जांच अभी जारी है और टीमें अलग-अलग ठिकानों से सबूत इकट्ठा करने में जुटी हुई हैं.

क्या है इस कार्रवाई का मकसद?

आयकर विभाग के अनुसार, यह छापेमारी आमदनी छुपाने, कर विवरण में हेराफेरी और टैक्स से जुड़ी संभावित अनियमितताओं की पहचान के आधार पर की गई है. विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति साफ हो पाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *