LPG की कमी ने बढ़ाई ऐप की डिमांड, IndianOil ONE बना Play Store का नंबर-1 ऐप
देश के कई शहरों में LPG सिलेंडर की सप्लाई में देरी और रिफिल की परेशानी के बीच लोगों ने गैस बुकिंग के लिए मोबाइल ऐप का सहारा लेना शुरू कर दिया है. इसी वजह से IndianOil ONE ऐप की डाउनलोडिंग अचानक तेजी से बढ़ी है और यह Google Play Store के Top Free Apps चार्ट में पहले नंबर पर पहुंच गया है. दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में पहले नंबर पर IndianOil ONE है, जबकि पॉपुलर AI टूल ChatGPT दूसरे स्थान पर पहुंच गया है. Play Store पर IndianOil ONE की रेटिंग 4.4 है, जबकि ChatGPT की रेटिंग 4.6 बताई जा रही है.
LPG की कमी से बढ़ी ऑनलाइन बुकिंग की जरूरत
हाल के दिनों में देश के कई हिस्सों में LPG सिलेंडर की सप्लाई में देरी की खबरें सामने आई हैं. ऐसे में रोजमर्रा के खाना पकाने के लिए गैस पर निर्भर परिवार जल्दी बुकिंग और डिलीवरी स्टेटस जानने के लिए मोबाइल ऐप का इस्तेमाल ज्यादा करने लगे हैं.
यही वजह है कि लोगों ने बड़ी संख्या में IndianOil ONE ऐप डाउनलोड करना शुरू कर दिया, ताकि घर बैठे सिलेंडर बुकिंग, स्टेटस ट्रैकिंग और अन्य सुविधाओं का फायदा मिल सके.
IndianOil ONE ऐप क्या-क्या सुविधाएं देता है?
IndianOil ONE ऐप को Indian Oil Corporation के ग्राहकों के लिए एक ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म के तौर पर बनाया गया है. इसके जरिए LPG से जुड़ी कई सेवाएं एक ही जगह पर मिल जाती हैं.
ऐप की मुख्य सुविधाएं:
- LPG सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग
- बुकिंग हिस्ट्री और डिलीवरी स्टेटस ट्रैक करना
- नजदीकी डिस्ट्रीब्यूटर ढूंढना
- सर्विस रिक्वेस्ट दर्ज करना
- LPG कनेक्शन मैनेज करना
- डिस्ट्रीब्यूटर बदलने की सुविधा
- कस्टमर सपोर्ट से सीधे संपर्क
इसके अलावा, ऐप में IndianOil XTRAREWARDS लॉयल्टी प्रोग्राम भी जुड़ा है, जिसमें यूजर्स रिवॉर्ड पॉइंट्स कमा और ट्रैक कर सकते हैं.

