लातेहार में बोर्ड एग्जाम 2026 की तैयारी पूरी, मैट्रिक-इंटर परीक्षा के लिए बनाए गए 75 केंद्र
Latehar Board Exam 2026: लातेहार जिला समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के सुचारु संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण, प्रश्नपत्रों के समय पर वितरण, उत्तरपुस्तिकाओं के संग्रहण और परीक्षार्थियों की सुविधाओं से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके. वहीं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने परीक्षा को कदाचारमुक्त रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा.
मैट्रिक की परीक्षा सुबह और इंटर की दोपहर में
प्रथम पाली में मैट्रिक और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा होगी. मैट्रिक परीक्षा सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1 बजे तक और इंटर की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी.
मैट्रिक परीक्षा के लिए बनाए गए हैं 45 परीक्षा केंद्र
इस वर्ष जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए कुल 75 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 45 परीक्षा केंद्र मैट्रिक के लिए बनाए गए हैं. मैट्रिक परीक्षा देने के लिए 11,634 परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 30 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां 7,272 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. बैठक में डीडीसी, एसी, एसडीओ, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे.

