बदलने वाला है झारखंड का मौसम, तेज हवा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी

2 Min Read
एआई सांकेतिक इमेज
Spread the love

झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है. राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में रविवार को आसमान में बादल छाने के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं. मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ सकता है और अगले कुछ दिनों में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है.

कई जगहों पर बारिश की स्थिति बन रही

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, राज्य के ऊपर के वायुमंडल में नम हवाओं के प्रवेश के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहा है. वहीं निचले स्तर पर पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं, जिसकी वजह से आसमान में बादल बन रहे हैं और कई जगहों पर बारिश की स्थिति बन रही है. पिछले 24 घंटों के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहे.

अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज

तापमान कि बात करें, तो रांची में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है. राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

गरज-चमक को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने रांची समेत कई जिलों के लिए बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी किया है. लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, क्योंकि वज्रपात की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में ऐसा मौसम 11 मार्च तक बना रह सकता है, इसके बाद परिस्थितियों में बदलाव देखने को मिल सकता है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *