JHARKHAND

Jharkhand Weather: झारखंड में 5 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

Spread the love

Jharkhand Weather: म्यांमार से एक चक्रवात तटीय बांग्लादेश और बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है. इसके 2 दिनों में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है. इस चक्रवात के कारण झारखंड में 5 दिनों तक बारिश होगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट जारी कर यह जानकारी दी है.

झारखंड में 11 से 15 सितंबर तक होगी भारी बारिश

मौसम केंद्र ने कहा है कि मानसून की द्रोणिका राजस्थान के बीकानेर, सीकर, मध्य प्रदेश और इससे सटे पेंड्रा रोड, राउरकेला, दीघा से होकर गुजर रही है, जो बंगाल की खाड़ी की ओर जाएगी. मौसम विभाग ने झारखंड में 5 दिनों तक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. कहा गया है कि 11 से 15 सितंबर तक झारखंड में कुछ जगहों पर भारी बारिश होगी.

झारखंड में सामान्य रही मानसून की गतिविधि

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान झारखंड में मानसून की गतिविधि सामान्य रही. लगभग सभी जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई. सबसे ज्यादा बारिश धनबाद जिले के बलियापुर में हुई. यहां 83.2 मिमी बारिश हुई. सबसे अधिक अधिकतम तापमान सरायकेला और सबसे कम न्यूनतम तापमान रांची में दर्ज किया गया.

3 दिनों बाद गिरेगा अधिकतम तापमान

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेंटीग्रेड और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया. धनबाद के बलियापुर में भारी बारिश हुई. झारखंड में कहीं भी बहुत भारी बारिश नहीं हुई. मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आने वाले 2 दिनों में झारखंड में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है.

13 सितंबर को 6 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 11 से 15 सितंबर के बीच झारखंड में कुछ जगहों पर आंधी और बारिश की संभावना है. 13 सितंबर को झारखंड के उत्तर-पूर्वी हिस्सों यानी संथाल परगना के 6 जिलों (देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज) के साथ-साथ धनबाद और गिरिडीह जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

सितंबर के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने 14 सितंबर के लिए येलो और ऑरेंज दोनों अलर्ट जारी किए हैं. यानी इस दिन कुछ जगहों पर भारी बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. 14 सितंबर को उत्तर-मध्य झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, उत्तरी भागों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग ने 15 सितंबर को इन जिलों के लिए जारी की चेतावनी

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि 15 सितंबर को उत्तर-मध्य और इससे सटे मध्य भागों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अनुसार, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रांची और रामगढ़ जिलों में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है. कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है. इसलिए लोगों को सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है.

Whatsapp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *