JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

झारखंड में बढ़ी कंपकंपी, इन जिलों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

Spread the love

Jharkhand Weather Update: झारखंड में मौसम ने एक बार फिर लोगों को चौंका दिया है. कुछ दिन पहले तक जहां हल्की गर्मी महसूस की जा रही थी, वहीं अब अचानक ठंड ने जोरदार वापसी कर ली है. राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन साफ महसूस की जा रही है. राज्य के कई हिस्सों में हालात कुछ ऐसे ही बने हुए हैं.

ठंडी हवाओं ने बढ़ाई कंपकंपी

मौसम विभाग के मुताबिक, हिमालयी क्षेत्रों में हो रही भारी बर्फबारी का असर अब झारखंड तक पहुंच रहा है. उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है. विभाग का अनुमान है कि यह शीत लहर करीब एक सप्ताह तक बनी रह सकती है. पिछले 24 घंटों कि बात करें तो डाल्टनगंज में पारा 8.02 डिग्री, खूंटी में 8.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि लातेहार और लोहरदगा में तापमान 10 डिग्री के आसपास रहा.

13 जिलों में 10 डिग्री से नीचे पारा

राज्य के कम से कम 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. इनमें रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़ और पलामू जैसे जिले शामिल हैं. ठंड के साथ सुबह के वक्त घना कोहरा भी परेशानी बढ़ा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है.

कोहरे को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने चेताया है कि रांची, खूंटी, लोहरदगा, लातेहार और पलामू में सुबह के समय दृश्यता घटकर 50 मीटर तक रह सकती है. ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने और सूरज निकलने के बाद ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है. हालांकि, राहत की बात यह है कि दिन के तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं. ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि जमशेदपुर में पारा 29 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *