JHARKHANDLATEST NEWSRANCHI

आपसी झगड़े ने लिया खूनी रूप, पति ने पत्नी की गोली मारकर कर दी हत्या

Spread the love

Ranchi Crime News: राजधानी रांची में शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. डोरंडा थाना क्षेत्र के मनिटोली इलाके में एक सनकी पति ने आपसी विवाद के बाद अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान तरन्नुम परवीन के रूप में हुई है. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.

सिर में मारी गोली, मौके पर ही मौत

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पति ने पत्नी के सिर में गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से प्लंबर है. पड़ोसियों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से लगातार तनाव चल रहा था और अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे. शनिवार को यह पारिवारिक कलह हिंसक रूप ले बैठी. गुस्से में आकर पति ने घर में रखी पिस्टल निकाली और पत्नी पर गोली चला दी.

वारदात के बाद मचा हड़कंप, आरोपी फरार

घर के भीतर हुई फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के लोग बाहर निकल आए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.

शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया

पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है. घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *