Jharkhand Cold Wave: उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने बढ़ाई ठंड, खूंटी में 1.5 डिग्री तक गिरा पारा, कई जिलों के लिए अलर्ट जारी

2 Min Read
Jharkhand Weather: शीतलहर से कांपा झारखंड, 8 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे, दो दिन बाद मिल सकती है राहत
Spread the love

Jharkhand Cold Wave: झारखंड में इस वक्त का पारा शिमला-मनाली को टक्कर दे रहा है. राज्य के कई हिस्सों में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी का असर साफ देखा जा रहा है. आज 9 जनवरी को भी शीतलहर चलने के कारण टेंपरेचर और भी नीचे गिर गया है, जिससे 13 जिलों का टेंपरेचर 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया है. वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, खूंटी में सबसे कम टेंपरेचर 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

इन जिलों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

IMD के आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड के 13 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है. इनमें बोकारो, देवघर, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, डालटनगंज, लोहरदगा, पाकुड़, रांची, सरायकेला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. इन इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है.

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

बढ़ते ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर दिया है. गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, यहां हल्की शीतलहर चल सकती है. वहीं, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

उत्तर-पश्चिमी हवाएं बढ़ा रही ठंड

रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, ऊपरी वायुमंडलीय स्तर पर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के लगातार सक्रिय रहने के कारण राज्य में ठंडी हवा का प्रवाह बना हुआ है. इसी वजह से कई जिलों में शीतलहर की स्थिति देखने को मिल रही है. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति शनिवार सुबह तक बनी रह सकती है. कुल मिलाकर, झारखंड में ठंड का असर अभी बरकरार रहने वाला है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *