राजधानी रांची में बेखौफ अपराधी, नामकुम में हथियार के बल पर लूटे 12 हजार नकद और तीन मोबाइल फोन
राजधानी रांची में पेट्रोल और सीएनजी पंपों के आसपास अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं. ताजा मामला नामकुम थाना क्षेत्र के खेलगांव रोड स्थित गेल इंडिया सीएनजी पंप के पास का है, जहां मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.
देर रात की वारदात से दहशत
पंप पर तैनात ऑपरेटर विकास कुमार सिन्हा के मुताबिक, रात करीब 2:20 बजे एक स्कूटी और एक बाइक पर सवार छह युवक वहां पहुंचे. इनमें से चार बदमाश पंप परिसर में घुस गए, जबकि दो बाहर निगरानी करते रहे. अंदर घुसते ही अपराधियों ने पिस्तौल और चाकू दिखाकर कर्मचारियों को धमकाया और कैश काउंटर से करीब 12 हजार रुपये तथा तीन मोबाइल फोन लूट लिये. विरोध करने पर बदमाशों ने डराने की कोशिश की और फिर तेजी से मौके से फरार हो गए.
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे कुछ दिन पहले, 23 मार्च को पुंदाग इलाके में भी इसी तरह की लूट सामने आई थी, जहां अपराधियों ने करीब 59,500 रुपये उड़ा लिये थे. दोनों मामलों में बदमाशों का तरीका लगभग एक जैसा है, रात के समय पहुंचना, हथियार के बल पर कर्मचारियों को काबू में करना और नकदी लेकर फरार हो जाना.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर कर्मचारियों से पूछताछ की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. अधिकांश पंपों पर सुरक्षा गार्ड की तैनाती नहीं है, जिससे अपराधियों के लिए वारदात को अंजाम देना आसान हो गया है. कर्मचारियों में डर का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग भी पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं.
इन घटनाओं ने साफ कर दिया है कि अगर समय रहते सुरक्षा इंतजाम नहीं बढ़ाए गए, तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं.

