IAS अधिकारी विनय चौबे की बढ़ी मुश्किलें, पत्नी स्वप्ना संचिता समेत करीबियों की संपत्ति की जांच शुरू

3 Min Read
Spread the love

Ranchi: झारखंड में 38 करोड़ से अधिक के शराब घोटाला मामले में फंसे IAS अधिकारी विनय चौबे की मुश्किलें बढ़ गई है. एसीबी ने आईएएस अधिकारी विनय चौबे, उनकी पत्नी और करीबियों समेत आठ लोगों की संपत्ति की जांच शुरू कर दी है. जिन लोगों की संपत्ति की जांच की गई है, उनमें विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता, शीपीज त्रिवेदी, प्रियंका त्रिवेदी, विनय कुमार सिंह, स्निग्धा सिंह, सीए उपेंद्र शर्मा और धनंजय कुमार सिंह के नाम शामिल हैं.

एसीबी को प्रारंभिक जांच में संदेह है कि विनय चौबे ने शराब घोटाले या किसी अन्य अवैध तरीके से अर्जित धन को अपने रिश्तेदारों और करीबियों के माध्यम से निवेश किया होगा. इस कारण एसीबी ने रजिस्ट्री कार्यालय को भी पत्र लिखकर जानकारी जुटाने को कहा है कि विनय चौबे और उनके रिश्तेदारों के साथ-साथ उनके करीबियों के नाम पर कितनी जमीन और संपत्ति है.

एसीबी के अधिकारी खुद भी संपत्ति के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं, संपत्ति के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद एसीबी के अधिकारियों द्वारा इसकी समीक्षा की जाएगी. समीक्षा के दौरान अगर अवैध संपत्ति अर्जित करने से संबंधित तथ्य मिलते हैं, तो एसीबी संपत्ति के संबंध में जांच के लिए सरकार को विस्तृत रिपोर्ट भेजेगी. सरकार से निर्देश मिलने के बाद एसीबी आय से अधिक अर्जित संपत्ति को लेकर अलग से मामला दर्ज करेगी.

बता दें कि एसीबी ने सोमवार को शीपीज त्रिवेदी, विनय सिंह, उमाशंकर सिंह, उपेंद्र शर्मा और धनंजय कुमार सिंह को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया था. इन सभी को केस के अनुसंधानकर्ता ने अलग-अलग तिथियों पर पूछताछ के लिए एसीबी मुख्यालय बुलाया है. शीपीज त्रिवेदी को 20 मई, विनय कुमार सिंह को 30 मई, उमाशंकर सिंह को 31 मई, उपेंद्र शर्मा और धनंजय कुमार सिंह को 28 मई को बुलाया गया है. इनसे पूछताछ के लिए प्रश्नावली तैयार करने की प्रक्रिया एसीबी ने शुरू कर दी है, ताकि विनय चौबे या केस से जुड़े बिंदुओं समेत अन्य बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *