अरे ये क्या! निकाय चुनाव में वोट मांगते-मांगते प्रेमी संग फरार हो गई वार्ड नंबर 9 की प्रत्याशी, अब थाने पहुंचा पति

Spread the love

Jamshedpur: झारखंड में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है. एक ओर प्रत्याशी घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं, तो दूसरी ओर आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 9 से ऐसी खबर सामने आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है. यहां की पार्षद प्रत्याशी राखी मार्डी चुनाव के बीच अपनी मासूम बेटी और कथित प्रेमी के साथ अचानक गायब हो गई हैं.

नामांकन के बाद ‘इश्क’ ने बदली कहानी

मिली जानकारी के मुताबिक, राखी मार्डी ने पूरे जोश के साथ वार्ड-9 से नामांकन दाखिल किया था. चुनाव प्रचार भी तेजी से चल रहा था. वह जीत के लिए पूरी ताकत लगा रही थीं. लेकिन अचानक उनके गायब हो जाने से समर्थकों और परिवार के होश उड़ गए. आरोप है कि राखी मार्डी अपने कथित प्रेमी प्रेमचंद मार्डी के साथ फरार हो गई हैं. उनके साथ उनकी बेटी भी है. इस घटना ने चुनावी माहौल में हलचल मचा दी है.

पति का आरोप-बहला-फुसलाकर ले गया

राखी मार्डी के पति राकेश मार्डी ने इस मामले को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. वे उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. राकेश का कहना है कि उनकी पत्नी को प्रेमचंद मार्डी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है. राकेश अब संबंधित थाने में प्रेमचंद मार्डी के खिलाफ अपहरण की FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया में जुटे हैं. उनका कहना है कि उनकी पत्नी और बेटी को सुरक्षित वापस लाया जाए.

मतदाताओं में नाराजगी, साख पर सवाल

वार्ड नंबर 9 के लोगों के बीच यह मामला चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है. स्थानीय मतदाताओं का कहना है कि जिस उम्मीदवार को वे अपना प्रतिनिधि चुनने की तैयारी कर रहे थे, उसका इस तरह चुनाव के बीच से गायब हो जाना जनता के साथ मजाक जैसा है. इस घटनाक्रम ने वार्ड की राजनीति की दिशा ही बदल दी है. अब सवाल यह भी उठ रहा है कि अगर प्रत्याशी ही मैदान में नहीं हैं, तो चुनावी समीकरण क्या होंगे?

मामले से जुड़ी मुख्य बातें

क्षेत्र: वार्ड नंबर 9, आदित्यपुर (नगर निकाय चुनाव), प्रत्याशी: राखी मार्डी (फरार), आरोपी: प्रेमचंद मार्डी, शिकायतकर्ता: पति राकेश मार्डी (DC कार्यालय में शिकायत दर्ज). फिलहाल इस मामले ने चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है. आगे पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top