Hathras: उत्तर प्रदेश के हाथरस में बड़ा हादसा, सत्संग के बाद भगदड़ में 100 से अधिक की मौत

3 Min Read
उत्तर प्रदेश के हाथरस में बड़ा हादसा, सत्संग के बाद भगदड़ में 100 से अधिक की मौत
Spread the love

Hathras: सिकंदराराऊ से एटा रोड पर स्थित गांव फुलराई में सत्संग के बाद बड़ा हादसा हो गया. सत्संग खत्म होने के बाद बाबा के काफिले को निकालने के लिए एक हिस्से से भीड़ को रोका गया तो भगदड़ मच गई. इसमें 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, कई की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. ऐसे में यह संख्या और बढ़ सकती है.

मिली जानकारी के मुताबिक 100 से ज्यादा शव हाथरस पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. मृतकों में 25 से ज्यादा एटा के बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से फिरोजाबाद से दो डॉक्टरों की टीम, पांच एंबुलेंस और एक शव वाहन मौके पर भेजा गया है.

मुख्यमंत्री ने दिया जाँच का आदेश

मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री खुद हर पल घटनाक्रम पर सीधी नजर रख रहे हैं, मुख्यमंत्री की ओर से दो मंत्रियों- मुख्य सचिव और डीजीपी को मौके पर भेजा गया है. एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ के नेतृत्व में टीम गठित कर हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं.

हादसे के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, एक तरफ शव लाए जा रहे थे तो दूसरी तरफ परिजन पहुंच रहे थे. शवों के पास बैठे परिजनों की चीख पुकार सुनकर हर किसी का कलेजा मुंह को आ रहा था. एटा पोस्टमार्टम हाउस में 25 शव लाए जा चुके हैं. मृतकों में कई महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है.

हाथरस जिले में हुए हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी ने मंत्री लक्ष्मी नारायण, मंत्री संदीप सिंह, मुख्य सचिव और डीजीपी को मौके पर भेजा है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *