Google ने Android 17 Beta 2 अपडेट Pixel यूजर्स के लिए जारी कर दिया है. यह अपडेट पहले बीटा वर्जन से आगे बढ़ते हुए नए मल्टीटास्किंग फीचर्स, डेवलपर टूल्स और बेहतर स्कैम प्रोटेक्शन लेकर आया है. कंपनी का लक्ष्य अगले महीने तक प्लेटफॉर्म स्टेबिलिटी हासिल करना है, यानी फाइनल पब्लिक वर्जन जल्द आ सकता है.
मल्टीटास्किंग अब और आसान
Android 17 Beta 2 में यूजर्स को ऐप बबल्स का नया फीचर मिलेगा. अब आप पिन की गई टास्कबार में किसी ऐप आइकन को लॉन्ग-प्रेस करके उसे फ्लोटिंग बबल के रूप में ओपन कर सकते हैं. इससे ऐप को मल्टी-विंडो फॉर्मेट में इस्तेमाल किया जा सकेगा और एक साथ कई ऐप्स पर काम करना आसान होगा. इन बबल्स को स्क्रीन पर कहीं भी मूव किया जा सकता है. गूगल इस फीचर को स्मार्टफोन के साथ-साथ टैबलेट और फोल्डेबल डिवाइस में भी लाने की तैयारी कर रहा है.
नया EyeDropper API, बिना स्क्रीन परमिशन के
डेवलपर्स के लिए गूगल ने नया “सिस्टम-लेवल” EyeDropper API पेश किया है. इसके जरिए ऐप्स स्क्रीन पर मौजूद किसी भी पिक्सेल से कलर सेलेक्ट कर सकेगी. खास बात यह है कि इसके लिए यूजर को पूरी स्क्रीन कैप्चर की सेंसीटिव परमिशन देने की जरूरत नहीं होगी. इससे प्राइवेसी बेहतर बनी रहेगी.
कॉन्टैक्ट्स पिकर हुआ ज्यादा सुरक्षित
Android 17 Beta 2 में कॉन्टैक्ट्स पिकर को भी नया रूप दिया गया है. अब ऐप्स यूजर की अनुमति के अनुसार सिर्फ जरूरी डेटा फील्ड्स को टेंपररी और रीड-ओनली एक्सेस कर सकेंगी. इससे ऐप्स को पूरी कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच देने की जरूरत कम हो जाएगी और डेटा सिक्योरिटी मजबूत होगी.
Handoff API, डिवाइस बदलें और काम जारी रखें
इस अपडेट में Handoff API भी जोड़ा गया है. इसकी मदद से यूजर किसी ऐप में चल रहा काम एक डिवाइस से दूसरे Android डिवाइस पर आसानी से जारी रख सकेंगे. उदाहरण के तौर पर, अगर आप फोन पर कोई आर्टिकल पढ़ रहे हैं और उसे बड़े स्क्रीन पर पढ़ना चाहते हैं, तो टैबलेट पर उसी जगह से पढ़ना शुरू कर सकते हैं. यह फीचर Apple के Handoff जैसा अनुभव देगा, जहां डिवाइस बदलने पर भी काम वहीं से जारी रहता है.
OTP सुरक्षा में बड़ा अपग्रेड
सिक्योरिटी के मामले में गूगल ने बड़ा कदम उठाया है. अब SMS OTP प्रोटेक्शन को सभी तरह के OTP मैसेज पर लागू किया जा रहा है. इसका मकसद OTP हाईजैकिंग को रोकना है. नए नियम के तहत जिन ऐप्स को WebOTP फॉर्मेट वाले मैसेज एक्सेस करने की अनुमति नहीं है, वे भी OTP मिलने के तीन घंटे बाद उसे एक्सेस कर सकेंगी. इससे सुरक्षा और यूजर सुविधा के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है.
कब तक मिलेगा स्टेबल वर्जन?
गूगल का लक्ष्य अगले महीने के मध्य तक प्लेटफॉर्म स्टेबिलिटी हासिल करना है. इसका मतलब है कि जल्द ही Android 17 का फाइनल वर्जन भी सामने आ सकता है.
