CM सोरेन की भाभी सीता सोरेन के खिलाफ पूर्व PA की बहन ने दर्ज कराया मुकदमा, इस दिन होगी सुनवाई
Ranchi : CM हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन के खिलाफ उनके पूर्व PA देवाशीष घोष की बहन रीना घोष ने मुकदमा दर्ज कराया है. रांची के सीजीएम कोर्ट में दर्ज कराए गए मामले में रीना घोष ने सीता सोरेन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. रीना घोष ने अपनी लिखित शिकायत में कहा है कि सीता सोरेन ने देवाशीष घोष का अपहरण कर बंदूक की नोक पर उनसे पैसे ट्रांसफर करवाए. इतना ही नहीं, उन्हें फंसाने की नीयत से अवैध पिस्तौल रखकर फर्जी मामला दर्ज कराया और साजिश के तहत उन्हें जेल भेज दिया.
मामले की सुनवाई 28 अप्रैल को
रीना घोष की शिकायत पर सीजीएम कोर्ट ने 28 अप्रैल की तिथि तय की है. 28 अप्रैल को शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जाएगा. रीना घोष ने सीता सोरेन के साथ-साथ उनके अंगरक्षकों के खिलाफ भी मामला दर्ज कराया है. लिखित शिकायत में मुख्य रूप से अर्जुन कुशवाहा, विवेक सिंह और उनकी बहन रिंकू शाहदेव का नाम शामिल है.
रीना घोष ने सीता सोरेन पर यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने देबाशीष घोष को हथियार का भय दिखाकर 3 लाख रुपए नकद अपने खाते में ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया. इसके अलावा उन्होंने देवाशीष का बैंक चेक भी छीन लिया. दरअसल, सीता सोरेन ने देवाशीष घोष पर चुनाव में जरूरत से ज्यादा पैसे खर्च करने का आरोप लगाया और उन पर सारा पैसा वापस करने का दबाव बनाया. रीना ने निष्पक्ष जांच के लिए कोर्ट से गुहार लगाई है.
सीता सोरेन ने लगाए थे आरोप
कुछ दिन पहले सीता सोरेन ने देवाशीष पर जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप लगाया था. उन्होंने दावा किया था कि देवाशीष एक होटल में उन पर गोली चलाने वाला था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने देवाशीष को गिरफ्तार कर लिया और वह फिलहाल जेल में है.

