LATEST NEWSRELIGION

बुरी नजर से परेशान हैं? शनिवार के दिन जलाएं ये चीजें, मिलेगा राहत

Spread the love

Evil Eye Remedies for Saturday: कई बार ऐसा होता है कि जिंदगी में सब कुछ सही चल रहा होता है. काम समय पर पूरे हो रहे होते हैं और मन भी संतुष्ट रहता है, लेकिन अचानक हालात बदलने लगते हैं. बिना किसी बड़ी वजह के काम अटकने लगते हैं, परेशानी बढ़ जाती है और मन बेचैन रहने लगता है. मान्यताओं के अनुसार, ऐसी स्थिति केवल संयोग नहीं होती. कई बार ग्रहों की चाल के साथ-साथ बुरी नजर या नकारात्मक ऊर्जा का असर भी इसकी वजह बनता है. बुरी नजर को ईर्ष्या या अनजाने में किसी की नकारात्मक सोच से जुड़ा माना जाता है, जो व्यक्ति और उसके घर पर असर डालती है.

बुरी नजर लगने के संकेत

जब किसी को बुरी नजर लगती है तो अक्सर बिना कारण तबीयत खराब रहने लगती है. काम में बार-बार रुकावट आती है. मन अशांत रहता है और घर में छोटी-छोटी बातों पर तनाव या झगड़े होने लगते हैं. ऐसे में लोग नजर उतारने के लिए शास्त्रों में बताए गए कुछ उपाय अपनाते हैं. नजर उतारने के लिए भी दिन और समय देखा जाता है. जैसे नजर उतारने के लिए शनिवार का दिन सबसे सही माना जाता है.

शनिवार को क्यों उतारें नजर?

मान्यता है कि शनिवार का दिन बुरी नजर उतारने के लिए विशेष रूप से प्रभावी माना जाता है. इस दिन किया गया उपाय नकारात्मक ऊर्जा को काफी हद तक खत्म कर देता है. अगर आपको लगता है कि आपको या आपके घर के किसी सदस्य को नजर लगी है, तो यह उपाय घर के किसी भरोसेमंद व्यक्ति से कराया जा सकता है.

इन चीजों से उतारें बुरी नजर

शनिवार के दिन गेहूं के आटे से एक छोटा सा दीया बना लें. इसमें बत्ती जलाएं. बत्ती काले रंग के मोटे धागे की हो तो बेहतर माना जाता है. अब इस दिए में दो साबुत लाल मिर्च डाल दें. इसके बाद जो व्यक्ति नजर उतार रहा हो, वह इस जलते हुए दिए को आपके ऊपर धीरे-धीरे घुमाए, जब तक दीया पूरी तरह जल न जाए. दीया बुझने के बाद उसे किसी नदी या नहर में प्रवाहित कर दें. मान्यता है कि इस उपाय से बुरी नजर दूर हो जाती है और रुके हुए काम धीरे-धीरे बनने लगते हैं.

नजरबट्टू से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर करें

अगर घर में बार-बार तनाव या कलह का माहौल बना रहता है, तो इसके पीछे भी बुरी नजर कारण हो सकती है. ऐसे में घर के मुख्य द्वार पर नजरबट्टू लगाना लाभकारी माना जाता है. इसे लगाते समय मन में यह भावना रखें कि सारी नकारात्मक ऊर्जा घर से बाहर जा रही है. इसके बाद घर में कपूर जलाएं. कपूर में पीली सरसों और लौंग डालकर जलाएं और उसका धुआं पूरे घर में फैलाएं. माना जाता है कि इससे घर का वातावरण शुद्ध होता है और शांति बनी रहती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *